NCP नेता बाबा सिद्दीकी की मुंबई में गोली मारकर हत्या , CM शिंदे बोले- दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई

महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री और एनसीपी अजित पवार गुट के नेता बाबा सिद्दीकी की गोली मारकर हत्या कर दी गई है. सिद्दीकी के बेटे के ऑफिस के पास ही गोलीबारी की इस घटना को अंजाम दिया गया. 15 दिन पहले ही बाबा सिद्दीकी की सुरक्षा बढ़ा दी गई थी. फिलहाल पुलिस इस मामले में 2 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है.
एडिशनल सीपी परमजीत सिंह दहिया ने कहा कि रात 9:30 बजे निर्मल नगर परिसर में ये घटना हुई है. बाबा सिद्दीकी को घटना के बाद लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया. पुलिस ने 2 संदिग्ध लोगों को गिरफ्तार किया है. आगे की जांच क्राइम ब्रांच कर रही है.
बांद्रा ईस्ट में खेरवाड़ी सिग्नल पर स्थित उनके बेटे जीशान सिद्दीकी के दफ्तर के पास बाबा सिद्दीकी पर 6 गोलियां चलाई गईं. पटाखें की अवाज की आड़ में उनपर फायरिंग हुई है और गोली उनके पेट में लगी. इसके बाद उनकी मौत हो गई. बाबा सिद्दीकी को Y श्रेणी की सुरक्षा मिली थी. इसके बाद भी उनकी हत्या की घटना के कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
वही महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा, “यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना है और मैंने डॉक्टरों और पुलिस से बात की है. दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है, आरोपी यूपी और हरियाणा के हैं. तीसरा आरोपी फरार है. हमने मुंबई पुलिस को निर्देश दिए हैं कि कानून-व्यवस्था को हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए. यकीन है कि मुंबई पुलिस जल्द ही तीसरे आरोपी को गिरफ्तार कर लेगी. आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी…”



