कांग्रेस पर पूर्व मंत्री चंद्राकर ने साधा निशाना, कहा- अप्रत्यक्ष प्रणाली और मतपत्रों से चुनाव करवाना भूपेश सरकार की उपलब्धि

छत्तीसगढ़ के 10 जिलों के 15 निकायों में कांग्रेस को बम्पर जीत मिली है। 13 निकायों में कांग्रेस का कब्जा हो गया है तो वहीं भारतीय जनता पार्टी की झोली में सिर्फ एक निकाय है। एक निकाय खैरागढ़ में भाजपा-कांग्रेस बराबरी पर है। परिणामों की घोषणा के साथ अब आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। उत्तर प्रदेश से लौटने के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा था कि भाजपा कहीं दूर-दूर तक नहीं है। सीएम के इस बयान के बाद भाजपा ने भी पलटवार किया। भाजपा नेताओं ने निकाय चुनाव में सत्ता और धन-बल के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए लोकतंत्र की हत्या की बात कही। दूसरे दिन पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने ट्वीट कर भूपेश सरकार पर निशाना साधा।

पूर्व मंत्री व विधायक अजय चंद्राकर ने ट्वीट कर भूपेश बघेल पर हमला बोला है। उन्होंने लिखा है कि नगरीय निकाय में अप्रत्यक्ष प्रणाली और मतपत्रों से चुनाव करवाना भूपेश सरकार के तीन साल में सबसे बड़ी उपलब्धि है। खैरागढ़ और भिलाई की मतगणना में इसका प्रभाव दिखा और अब भिलाई, चरोदा और बीरगांव में महापौर बनाने में दिखेगा। चंद्राकर ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष को लेकर भी ट्वीट किया है। चंद्राकर ने लिखा है कि MohanMarkamPCC उर्फ गुरूजी, हम जनादेश का सम्मान करते हैं। मतदाता सूची में ना ही नाम जुड़वाते हैं और ना ही कटवाते हैं, ना ही मत पेटी की स्क्रू ढीला करवाते हैं (बीरगांव वार्ड क्रमांक 11 एवं 22) और ना ही मक्का से इथेनॉल बनाते हैं। बता दें कि अजय चंद्राकर बीरगांव नगर पालिक निगम में भाजपा के प्रभारी बनाए गए थे।
बीरगांव व भिलाई-चरोदा निगम में निर्दलीयों को साध रहे
राजधानी रायपुर के बीरागांव नगर पालिक निगम में कांग्रेस को सरकार बनाने के लिए दो पार्षदों के समर्थन की जरूरत है। कांग्रेस ने इसका जुगाड़ कर लिया है। दो निर्दलीयों को जीत के साथ कांग्रेस प्रवेश कराने कराने की तैयारी है। इसके साथ ही बीरगांव निगम में कांग्रेसी सरकार बनाने का रास्ता साफ हो गया है। इस निकाय में कांग्रेस को 19 और भाजपा को 10 सीटें मिली है। जबकि 11 निर्दलीय चुनाव जीतकर आए हैं। इसी तरह भिलाई-चरोदा निगम में भी सरकार बनाने के लिए दो सीटें कम हैं। कांग्रेस के पास अभी 19 सीटें हैं। यह सीएम भूपेश बघेल का गृह क्षेत्र है। यहां भी निर्दलीय के समर्थन से कांग्रेस की सरकार बनेगी। यहां भी कुछ निर्दलीय को साध लेने की चर्चा है।

Related Articles

Back to top button