कुछ ऐसे निभाया अपना वादा छत्तीसगढ़ में दूल्हे ने, हेलीकॉप्टर से आई दुल्हनिया

छत्तीसगढ़ के धुर नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले के सुरेश और रेणुका की शादी की खूब चर्चा हो रही है। नक्सल इलाके में पहली बार ऐसी ऐतिहासिक शादी देखने को मिली है। पहली मर्तबा दुल्हन हेलीकॉप्टर से गुरुवार को बीजापुर पहुंची। दरअसल दूल्हा सुरेश चंद्राकर पेशे से ठेकेदार है। उन्होंने शादी से पहले अपनी पत्नी रेणुका से वादा किया था कि शादी के लिए बारात चॉपर से लेकर आऊंगा। इस वादे को सुरेश ने गुरुवार को बड़ी शिद्दत से निभाया।
बनी आकर्षण का केंद्र
जगदलपुर में शादी की रस्म पूरा होने के बाद दुल्हन हेलीकॉप्टर से बीजापुर पहुंची। हेलीपेड से पूरे मार्ग पर ढोल और बैंड बाजे के साथ बड़ी संख्या में लोग थिरकते नजर आए। ग्रामीण क्षेत्र से आए लोकल नृत्य दल ने सड़क पर खूब डांस किया। दुल्हा-दूल्हन ने अपनी इस शादी को यादगार बनाने के लिए दिल खोलकर खर्च किए हैं। शादी के कार्ड से लेकर रिसेप्शन तक कोई कमी नहीं छोड़ी है। रिसेप्शन में वीवीआईपी सहित स्थानीय लोगों को भी बुलाया गया है। यह शादी पूरे बीजापुर में आकर्षण केंद्र बना हुआ है। शादी के दिन जमकर आतिशबाजी की गई। दूल्हन का हेलीपैड में समाज सहित परिवार के लोगों ने स्वागत किया। सुरेश ने हेलीकाॅप्टर की लैंडिंग के लिए जिला प्रशासन से बकायदा अनुमति भी ली थी।
जीवन में कितनी भी समस्या आए हंसकर सामना करना चाहिए
सुरेश चंद्राकर की ज़िंदगी में काफी उतार चढ़ाव आये। एक नामी ठेकेदार बनने से पहले सुरेश ने काफी परेशानियों का सामना किया है। सुरेश कहते हैं कि जीवन में कितनी भी समस्याएं आये उन समस्याओं का हंसकर सामना करना चाहिए। अपने जीवन में लगातार मेहनत करते रहिए देखना एक न एक दिन आपको सफलता जरूर मिलेगी। उन्होंने कहा कि आज मेरे पास जो कुछ है वह मेरी मेहनत और परिश्रम का फल है। उन्होंने बताया कि उसने अपनी पत्नी से वादा किया था, जिसे निभाया है।



