छत्तीसगढ़

रायपुर, दुर्ग, कोरबा और बिलासपुर में चलेंगी ई-बसें, बुजुर्गों को तीर्थ कराएगी सरकार

रायपुर। छत्तीसगढ़ की साय सरकार ग्रीन ट्रांसपोर्ट को बढ़ावा देने रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर और कोरबा में 240 की ई-बसों का इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट करने जा रही है। ई-बस सेवा योजना के लिए अनुमानित लागत 66 करोड़ है, जबकि प्रथम अनुपूरक-बजट में 40 करोड़ का प्रावधान किया गया है।

 

इसके साथ ही अनुपूरक-बजट में महतारी वंदन योजना के लिए 4000 करोड़ का प्रावधान है। साय सरकार बुजुर्गों को तीर्थ यात्रा भी कराएगी। बस्तर में नक्सलवाद के खात्मे के लिए 53 CRPF कैंप बनेंगे। सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के लिए 260 करोड़ का प्रावधान किया गया है।

 

7 हजार 329 करोड़ के प्रथम अनुपूरक बजट पेश

 

दरअसल, अनुपूरक बजट मंगलवार देर रात छत्तीसगढ़ विधानसभा में पेश किया गया। और क्या कुछ खास प्रदेश को इस अनुपूरक बजट में मिला है, जानिए इस रिपोर्ट में। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने साल 2024-25 के लिए 7 हजार 329 करोड़ के प्रथम अनुपूरक बजट पेश किया।

 

अनुपूरक बजट से इन योजनाओं को मिलेगी रफ्तार

 

इसमें महतारी वंदन योजना, लोकनायक जयप्रकाश सम्मान निधि, नियद नेल्लानार, पीएम जनमन योजना के साथ ही खेल सुविधाओं, आंगनबाड़ी भवन, देवगुड़ियों के निर्माण उन्नयन, इन्क्यूबवेशन सेंटर शुरु करने जैसी स्कीम्स में सरकार का फोकस दिखा। मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना भी फिस से शुरू की जा रही है, इसके लिए भी बजट प्रावधान रखा गया है।

 

बढ़ा मेन बजट, 1 लाख 54 हजार 775 करोड़ हुआ

 

साय सरकार के इस अनुपूरक बजट के विधानसभा में पेश होने के बाद साल 2024-25 के मुख्य बजट में आकार बढ़ गया है। बजट 1 लाख 47 हजार 446 करोड़ का था। अब प्रथम अनुपूरक 7 हजार 329 करोड़ रुपए का है।

 

इसे मिलाकर अब बजट का आकार 1 लाख 54 हजार 775 करोड़ रुपए हो गया है। प्रथम अनुपूरक बजट में राजस्व व्यय (सरकार की आमदनी बढ़ाने वाले) – 6 हजार 825 करोड,़ पूंजीगत व्यय (बिल्डिंग,सड़क वगेरह के लिए) – 504 करोड़ है।

 

महिलाओं के लिए

 

वित्त मंत्री चौधरी ने बताया कि राज्य में महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन और सशक्तीकरण को बढ़ावा देने के लिए चलाई जा रही योजना महतारी वंदन के लिए अनुपूरक में प्रावधान किया गया है। इसके तहत 4 हजार 900 करोड़ का अतिरिक्त प्रावधान किया गया है। ये पैसा एक-एक हजार रुपए प्रदेश की 70 लाख से अधिक महिलाओं को हर महीने जारी किया जाएगा।

 

मीसाबंदियों के लिए

 

राज्य के लोकतंत्र सेनानियों (मीसाबंदियों) को लोकनायक जयप्रकाश नारायण सम्मान निधि योजना के तहत 42 करोड़ का आकस्मिकता निधि अग्रिम स्वीकृत करते हुए भुगतान किया गया है। अग्रिम की प्रतिपूर्ति हेतु प्रथम अनुपूरक में 42 करोड़ का प्रावधान किया गया है। इमरजेंसी के वक्त जेल में रहे लोगों को ये फंड दिया जाएगा।

 

नक्सलवाद से सुरक्षा-विकास

 

वित्त मंत्री ने बताया कि राज्य के बस्तर क्षेत्र में वामपंथ उग्रवाद से अधिक प्रभावित 5 जिलों- दंतेवाड़ा, सुकमा, बीजापुर, नारायणपुर एवं कांकेर के गांवों में नियद नेल्लानार योजना (आपका अच्छा गांव योजना) के तहत 53 CRPF कैंप बनेंगे। कैंप के आस-पास विकास के काम हांेगे इसके लिए 5 करोड़ का प्रावधान किया गया है।

 

इन क्षेत्रों में खेल सुविधाओं के विकास के लिए 2 करोड़ का प्रावधान किया गया है। 18 नई प्राथमिक शाला खोले जाने के लिए प्रथम अनुपूरक में 1 करोड़ का अतिरिक्त प्रावधान किया गया है। 2 नए हॉस्टल और 12 हॉस्टल में सीट बढ़ाने के लिए 88 लाख का प्रावधान किया गया है।

Related Articles

Back to top button