राष्ट्रीय

लोकसभा चुनाव सात चरणों में होंगे , 19 अप्रैल से 1 जून तक मतदान; 4 जून को नतीजे

लोकतंत्र के सबसे बड़े पर्व लोकसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान हो गया है। देशभर में 7 चरणों में चुनाव होंगे। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने बताया कि लोकसभा का चुनाव सात चरणों में होगा। पहले चरण के तहत 19 अप्रैल को लोकसभा की 102 सीटों पर मतदान होगा। जबकि, दूसरे चरण के तहत 26 अप्रैल को 89, तीसरे चरण के तहत 7 मई को 94, चौथे चरण के तहत 13 मई को 96, पांचवें चरण के तहत 20 मई को 49, छठे चरण के तहत 25 मई को 57 और सातवें चरण के तहत 1 जून को लोकसभा की 57 सीटों पर मतदान होगा। नतीजों की घोषणा 4 जून को होगी। आइए जानते हैं किस चरण में किस राज्य की कितनी सीटों पर मतदान होगा।

यूपी की 80 सीटों पर 7 चरणों में होंगे मतदान

देश के सबसे बड़े राज्य यूपी में 80 लोकसभा सीटें हैं। पहले चरण में पश्चिमी यूपी की आठ सीटों पर वोटिंग होगी। दूसरे चरण में भी आठ सीटों पर मतदान होगा। तीसरे चरण में 10 सीटों पर वोटिंग होगी। चौथे चरण में 13 सीटों पर मतदान होगा। पांचवें चरण में 14 सीटों पर मतदान होगा। छठे चरण में 14 सीटों पर वोटिंग होगी। सातवें चरण में 13 सीटों पर वोट डाले जाएंगे।

चुनाव आयोग से मिले कार्यक्रम के अनुसार, 19 अप्रैल को पहले चरण का मतदान होगा, इसमें सहारनपुर, कैराना, मुज्जफनगर, बिजनौर, नगीना, मुरादाबाद, पीलीभीत, रामपुर शामिल हैं।

26 अप्रैल को दूसरे चरण का मतदान होगा। इसमें अमरोहा, मेरठ, बागपत, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा शामिल है।

तीसरे चरण के लिए सात मई को वोट डाले जायेंगे। इसमें संभल, हाथरस, आगरा, फतेहपुर सिकरी, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, बदायूं, ओनला, बरेली शामिल है।

चौथे चरण के लिए 13 मई को मतदान होंगे। इसमें शाहजहांपुर, फेरी, दौरा, सीतापुर, हरदोई, मिसरिख, उन्नाव, फर्रुखाबाद, इटावा, कन्नौज, कानपुर, अकबरपुर, बहराइच शामिल है।

20 मई को पांचवे चरण में मोहनलाल गंज, लखनऊ, राय बरेली, अमेठी, जालौन, झांसी, हमीरपुर, बांदा, फतेहपुर, कौशांबी, बाराबंकी, फैजाबाद, कैसरगंज, गोंडा में वोटिंग होगी।

छठे चरण के लिए 25 मई को सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, फूलपुर, प्रयागराज, अंबेडकरनगर, श्ववस्ती, डुमरियांगंज, बस्ती, संत कबीरनगर, लालगंज, आजमगढ़, जौनपुर, मछली शहर, भदोही में मतदान होगा।

 

  • एक जून को सातवें चरण के लिए मतदान होगा। इसमें महाराजगंज, गोरखपुर, कुशीनगर, देवरिया, वंशगांव, घोसी, सलेमपुर, बलिया, गाजीपुर, चंदौली, वाराणसी, मीरजापुर, रॉर्बट्सगंज में वोट डाले जायेंगे।

 

बिहार में सभी 7 चरणों में लोकसभा चुनाव

  • पहले चरण में 19 अप्रैल को चार लोकसभा सीटों औरंगाबाद, गया, नवादा और जमुई में मतदान होगा।
  • दूसरे चरण में 26 अप्रैल को पांच लोकसभा सीटों किशनगंज, कटिहार, पूर्णिया, भागलपुर और बांका में मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
  • तीसरे चरण में 7 मई को झंझारपुर, सुपौल, अररिया, मधेपुरा और खगड़िया में मतदान होगा।
  • चौथे चरण में 13 मई को दरभंगा, उजियारपुर, समस्तीपुर, बेगूसराय और मुंगेर में मतदान होगा।
  • पांचवें चरण में 20 मई को सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, सारण और हाजीपुर लोकसभा क्षेत्रों में मत डाले जाएंगे।
  • छठे चरण में 25 मई को वाल्मीकि नगर, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, शिवहर, वैशाली, गोपालगंज, सीवान और महाराजगंज में मतदान होगा।
  • सातवें और अंतिम चरण के चुनाव में 1 जून को नालंदा, पटना साहिब, पाटलिपुत्र, आरा, बक्सर, सासाराम, काराकाट और जहानाबाद लोकसभा क्षेत्र के मतदाता मतदान करेंगे।

असम में तीन चरणों में चुनाव होगा

असम में 14 लोकसभा सीट के लिए 19 अप्रैल से तीन चरणों में मतदान होगा। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा शनिवार को घोषित चुनाव कार्यक्रम में यह जानकारी दी गई है। चुनाव कार्यक्रम के अनुसार 19 और 26 अप्रैल को पांच-पांच सीट पर मतदान होगा, जबकि चार सीट पर सात मई को मतदान होगा। इसके अनुसार पहले चरण में काजीरंगा, सोनितपुर, लखीमपुर, डिब्रूगढ़ और लखीमपुर में 19 अप्रैल को मतदान होगा। दूसरे चरण में दरांग-उदलगुरी, दीफू (सुरक्षित), करीमगंज, सिलचर (सुरक्षित) और नगांव के मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। चुनाव कार्यक्रम के मुताबिक तीसरे और अंतिम चरण में सात मई को कोकराझार (सुरक्षित), धुबरी, बारपेटा और गुवाहाटी निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान होगा।

 

गुजरात में 7 मई को एक चरण में होंगे लोकसभा चुनाव

निर्वाचन आयोग ने शनिवार को घोषणा की कि गुजरात की सभी 26 लोकसभा सीटों पर एक ही चरण में 7 मई को मतदान होगा। गुजरात के मुख्य निर्वाचन अधिकारी पी. भारती ने संवाददाताओं को बताया कि नामांकन प्रक्रिया 12 अप्रैल से शुरू होगी और नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 19 अप्रैल होगी, जबकि नामांकन पत्र की जांच अगले दिन होगी। उन्होंने बताया कि नामांकन वापस लेने की आखिरी तारीख 22 अप्रैल है।
अधिकारी ने कहा कि मौजूदा विधायकों के इस्तीफे के कारण रिक्त हुई पांच विधानसभा सीटों पर उपचुनाव भी सात मई को होंगे।

Related Articles

Back to top button