FEATURED

विद्या ज्योति स्कूल का दो दिवसीय वार्षिक खेलोत्सव धूमधाम से शुरू

जिला शिक्षा अधिकारी अभय राम नोनहरे ने किया शुभारंभ

 

 

विद्यार्थियों को खेल भावना और अनुशासन का दिया संदेश

 

जगदलपुर ,12/11/2026, नवीन श्रीवास्तव।नगर की प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्था विद्या ज्योति स्कूल में दो दिवसीय वार्षिक खेलोत्सव का शुभारंभ 12 नवंबर 2026 को हर्षोल्लास एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन मुख्य अतिथि जिला शिक्षा अधिकारी, जिला बस्तर श्री अभय राम नोनहरे के करकमलों से किया गया।

खेलोत्सव का शुभारंभ विद्यार्थियों द्वारा आकर्षक मार्च पास्ट एवं खेल भावना की शपथ के साथ हुआ। इसके पश्चात मुख्य अतिथि श्री नोनहरे ने 100 मीटर दौड़ प्रतियोगिता को हरी झंडी दिखाकर खेल प्रतियोगिताओं का आगाज किया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्री अभय राम नोनहरे ने अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, सहयोग और आपसी भाईचारे की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण जरिया भी है। एक अच्छे खिलाड़ी की पहचान उसकी जीत से नहीं, बल्कि खेल के प्रति समर्पण और खेल भावना से होती है। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ खेल भी शिक्षा का अभिन्न अंग है। हार-जीत खेल का हिस्सा है, इसलिए प्रत्येक विद्यार्थी को सकारात्मक सोच और खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेना चाहिए तथा विद्यालय, जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर क्षेत्र एवं देश का नाम रोशन करना चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्राचार्य एन्थोनी ने मुख्य अतिथि श्री नोनहरे का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिह्न भेंट कर आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया। उन्होंने बताया कि यह वार्षिक खेलोत्सव दो दिनों तक आयोजित किया जाएगा, जिसमें कक्षा पहली से बारहवीं तक के विद्यार्थी विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

खेलोत्सव के अंतर्गत कबड्डी, खो-खो, दौड़, हाई जंप, लॉन्ग जंप, गोला फेंक, साइकिल रेस एवं रस्सीकूद सहित अनेक रोचक खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। प्रतियोगिता के प्रथम दिवस में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता खिलाड़ियों को विद्यालय की वाइस प्रिंसिपल सिस्टर रोजवीन द्वारा पदक एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इससे विद्यार्थियों में विशेष उत्साह एवं उमंग देखने को मिली।

खेलोत्सव का समापन 13 नवंबर 2026 को होगा। संपूर्ण कार्यक्रम का सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन विद्यालय की खेल अधिकारी मकसुदा हुसैन द्वारा किया गया।

कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में खेल के प्रति उत्साह, प्रतिस्पर्धा की भावना, अनुशासन और टीम भावना को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ सर्वांगीण विकास का प्रेरणादायक संदेश दिया

Related Articles

Back to top button