स्टील प्लांट में श्रमिक की मौत पर भड़का आक्रोश छत्तीसगढ़ युवा मंच ने लगाए गंभीर आरोप

संस्थापक नरेंद्र भवानी कि मांग दोषियों पर FIR और आश्रित परिवार को स्थायी नौकरी व मुआवजे दी जाए
जगदलपुर। नगरनार स्थित एनएमडीसी स्टील लिमिटेड (NSL) संयंत्र परिसर में 10 नवंबर 2026 को कार्य के दौरान एक श्रमिक की हुई दर्दनाक मृत्यु , इस गंभीर घटना को लेकर छत्तीसगढ़ युवा मंच के संस्थापक नरेंद्र भवानी ने कड़ा रुख अपनाते हुए एनएमडीसी प्रबंधन और संबंधित ठेका कंपनी की कार्यप्रणाली पर सीधे सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने इसे महज एक हादसा नहीं, बल्कि सुरक्षा नियमों की घोर अनदेखी का परिणाम बताते हुए दोषियों के विरुद्ध तत्काल आपराधिक प्रकरण (FIR) दर्ज करने की मांग की है।
जारी बयान में नरेंद्र भवानी ने कहा कि बस्तर के स्थानीय युवाओं और श्रमिकों की जान को जोखिम में डालकर प्लांट के भीतर बिना पुख्ता सुरक्षा इंतजामों के काम लिया जा रहा है। उन्होंने श्रम कानूनों का हवाला देते हुए प्रबंधन से निम्नलिखित प्रमुख बिंदुओं पर जवाब और तत्काल कार्रवाई की मांग की है:
1. दोषी ठेका कंपनी को ब्लैकलिस्ट कर FIR दर्ज हो: कारखाना अधिनियम, 1948 (Factories Act) की धारा 7A के तहत कार्यस्थल पर श्रमिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रबंधन की प्राथमिक कानूनी जिम्मेदारी है। सुरक्षा मानकों में लापरवाही बरतने वाली संबंधित ठेका कंपनी का लाइसेंस तत्काल रद्द कर उसे ब्लैकलिस्ट किया जाए और जिम्मेदार अधिकारियों पर गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज हो।
2. वैधानिक मुआवजा और बीमा लाभ तत्काल मिले: कर्मचारी प्रतिकर अधिनियम, 1923 (Employees’ Compensation Act) के प्रावधानों के तहत मृतक श्रमिक के परिजनों को बिना किसी देरी के एकमुश्त वैधानिक मुआवजा, ESIC पेंशन और अन्य बीमा लाभों का तत्काल भुगतान सुनिश्चित किया जाए।
3. आश्रित परिवार के एक सदस्य को स्थायी रोजगार: ठेका श्रम अधिनियम, 1970 (CLRA Act) के तहत मुख्य नियोक्ता (Principal Employer) होने के नाते एनएमडीसी प्रबंधन इस घटना की नैतिक और कानूनी जिम्मेदारी ले तथा मृतक के परिवार के भरण-पोषण हेतु परिवार के एक सदस्य को प्लांट में स्थायी रोजगार प्रदान करे।
4. जांच रिपोर्ट और सेफ्टी ऑडिट सार्वजनिक हो: इस घातक दुर्घटना की उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच कराई जाए और प्लांट में कार्यरत सभी ठेका कंपनियों के सुरक्षा ऑडिट (Safety Audit) एवं अनुबंध की शर्तों को सार्वजनिक किया जाए, ताकि भविष्य में किसी अन्य श्रमिक की जान न जाए।
नरेंद्र भवानी ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि एनएमडीसी प्रबंधन और जिला प्रशासन ने शीघ्र ही इस मामले में ठोस कार्रवाई करते हुए पीड़ित परिवार को न्याय नहीं दिलाया, तो छत्तीसगढ़ युवा मंच श्रमिकों के हक में चरणबद्ध जनआंदोलन और प्लांट के मुख्य द्वार पर उग्र प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होगा।



