FEATURED

मंगल साय की मौत पर परिवार का समझौते से इनकार; एक करोड़ मुआवजा, परिजन को स्थायी नौकरी और स्वतंत्र SIT जांच की मांग

 

बस्तर। नगरनार NMDC स्टील प्लांट में 10 नवंबर को हुई हॉट मेटल दुर्घटना में ऑपरेटर मंगल साय की मौत के बाद आज बस्तर अधिकार मुक्ति मोर्चा एवं जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं मोर्चा के मुख्य संयोजक नवनीत चाँद के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल बकावंड ब्लॉक के ग्राम टूटीदेवड़ा पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और न्याय की लड़ाई में परिवार के साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया।

 

मुलाकात के दौरान मृतक की पत्नी ने स्पष्ट किया कि वह किसी भी समझौते में शामिल नहीं थीं। परिवार ने किसी दबाव में समझौता स्वीकार करने से इनकार करते हुए पूरे घटनाक्रम की स्वतंत्र जांच की मांग की। संगठन ने परिवार की मांगों के समर्थन में उच्चस्तरीय SIT गठन एवं निष्पक्ष जांच के लिए संबंधित अधिकारियों के समक्ष आवेदन प्रस्तुत करने की पहल की है।

 

मृतक परिवार की 7 सूत्रीय प्रमुख मांगें

 

1. एक करोड़ रुपये मुआवजा – मृतक के परिवार को सम्मानजनक आर्थिक सहायता दी जाए।

2. स्थायी नौकरी – परिवार के एक योग्य सदस्य को NMDC में स्थायी रोजगार दिया जाए।

3. उच्चस्तरीय SIT – हादसे की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच के लिए SIT गठित की जाए।

4. तकनीकी साक्ष्य सुरक्षित हों – CCTV, PLC/SCADA, क्रेन लॉग, मशीनरी एवं ड्यूटी रिकॉर्ड सुरक्षित रखे जाएं।

5. पांच साल का सुरक्षा ऑडिट – 2021 से 2026 तक के सुरक्षा ऑडिट, SOP, वर्क परमिट एवं ऑपरेटर प्रशिक्षण की जांच हो।

6. जवाबदेही तय हो – लापरवाही या सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर जिम्मेदारों के विरुद्ध कानूनी एवं विभागीय कार्रवाई हो।

7. कथित समझौते की जांच – मृतक की पत्नी एवं परिवार की सहमति और समझौते की पूरी प्रक्रिया की जांच हो।

 

16 राष्ट्रीय सुरक्षा पुरस्कारों के बावजूद श्रमिक सुरक्षा पर सवाल, NMDC प्रबंधन जवाब दे

 

NMDC प्रबंधन को प्राप्त 16 राष्ट्रीय सुरक्षा पुरस्कारों के बावजूद कार्यस्थल पर श्रमिक की मौत होना सुरक्षा व्यवस्था की प्रभावशीलता और जवाबदेही की समीक्षा की मांग करता है। पुरस्कारों से अधिक महत्वपूर्ण श्रमिकों का जीवन है। इस मामले को केवल आंतरिक जांच तक सीमित न रखकर स्वतंत्र एवं पारदर्शी जांच कराई जाए।

 

नवनीत चाँद ने कहा—

 

“मंगल साय के परिवार का दुख हम सबका दुख है। आज हमारी प्राथमिकता परिवार को न्याय दिलाना और औद्योगिक क्षेत्र में श्रमिकों की सुरक्षा सुनिश्चित कराना है। मृतक की पत्नी जब कह रही हैं कि वह किसी समझौते में शामिल नहीं थीं, तो इसकी निष्पक्ष जांच जरूरी है। हमारी तीन प्रमुख मांगें हैं—एक करोड़ रुपये मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को NMDC में स्थायी नौकरी और स्वतंत्र SIT जांच। श्रमिक की जान की कीमत किसी कागजी औपचारिकता से तय नहीं हो सकती। हम परिवार के साथ न्याय की इस लड़ाई में खड़े रहेंगे।”

 

बस्तर अधिकार मुक्ति मोर्चा एवं जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) की स्पष्ट मांग है कि NMDC प्रबंधन एवं जिला प्रशासन परिवार की मांगों पर गंभीरता से कार्रवाई करें, स्वतंत्र जांच सुनिश्चित करें और श्रमिक सुरक्षा की जवाबदेही तय करें।

 

इस दौरान प्रतिनिधिमंडल में संभागीय सचिव नीलाम्बर भद्रे, चित्रकोट विधानसभा अध्यक्ष कमल बघेल, जगदलपुर कार्यकारी अध्यक्ष ओम मरकाम, बस्तर ग्रामीण जिला अध्यक्ष संतु कश्यप, ओम प्रकाश रजक सहित मृतक परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।

 

 

Related Articles

Back to top button