रायपुर फूड पार्क में आग से भारी नुकसान, आधा दर्जन दुकानें खाक

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर इलाके में भीषण आगजनी की घटना सामने आई है। राजेंद्र नगर स्थित फूड पार्क में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने आसपास की दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। इस दौरान दो गैस सिलेंडरों में भी जोरदार ब्लास्ट हुआ। आग की चपेट में आने से करीब आधा दर्जन दुकानें पूरी तरह जलकर खाक हो गई हैं
वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। आग की लपटें तेजी से आसपास की दुकानों तक फैल गईं। इसी दौरान वहां रखे दो गैस सिलेंडरों में विस्फोट हो गया, जिससे आग ने और विकराल रूप ले लिया।
न्यू राजेंद्र नगर स्थित फूड पार्क में लगी आग से करीब छह दुकानें पूरी तरह जल गई हैं। इस घटना में दुकानदारों को भारी आर्थिक नुकसान होने की आशंका है। हालांकि, दुकानों में रखे सामान और संपत्ति को हुए नुकसान का वास्तविक आकलन अभी सामने नहीं आया है। आग की भयावहता और सिलेंडर ब्लास्ट से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
दमकल की टीम ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। दमकल कर्मी आग पर काबू पाने के साथ ही उसे आसपास की अन्य दुकानों तक फैलने से रोकने में जुटे रहे। फिलहाल इस घटना में किसी के घायल होने या जनहानि की जानकारी सामने नहीं आई है। आग पूरी तरह बुझने के बाद ही नुकसान का आकलन और घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।



