घर में खून से लथपथ मिली महिला की लाश, नशेड़ी बेटे पर हत्या का शक, तलाश में पुलिस

रायपुर। राजधानी के डीडी नगर थाना क्षेत्र में एक महिला की हत्या का मामला सामने आया है। महिला का शव उसके ही घर के कमरे में खून से लथपथ मिला है। पुलिस को शक है कि महिला की हत्या उसके ही नशेड़ी बेटे ने की है। वारदात के बाद से वह गायब है।
जानकारी के अनुसार पुलिस को पी. गौरी ने कॉल कर बताया कि उनकी पत्नी पी.नीता राव (51) की हत्या हो गई है। जिसका शव इंद्रप्रस्थ कॉलोनी के बी ब्लॉक स्थित मकान में है। पुलिस मौके पर पहुंची तो वहां शव के आसपास खून बिखरा था। बाथरूम में खून लगे पैरों के निशान और बाहर रस्सी पर खून से सनी बनियान भी लटकती मिली। बताया जा रहा है कि पी. नीता राव प्राइवेट स्कूल में टीचर थीं। कुछ महीनों से वह घर में अपने बेटे और बेटी के साथ रहती थी। वारदात के दौरान उनकी बेटी ऑफिस के काम से शहर से बाहर गई थी। घर में सिर्फ नीता और उनका बेटा पी. नागेश राव उर्फ अंकुर ही थे।



