तुहंर सरकार तुहंर द्वार आज से हुई शुरुआत, अब हर दिन राजधानी के वार्डों में लगेंगे समस्या निदान शिविर

साइकिल से नगर निगम पहुंचे महापौर, पार्षद और अधिकारी

रायपुर।बुधवार को महापौर एजाज ढेबर ने अपने सरकारी वाहन को छोड़ साइकिल का हैंडल थामा। पार्षदों के साथ पैडल मारते हुए नगर निगम के मुख्यालय पहुंचे। निगम के दूसरे कर्मचारी और अफसर भी साइकिलें से ही कार्यालय पहुंचे। इसके बाद सभी बस में बैठकर गोगांव गए। यहां सभी ने लोगों की समस्याएं सुनी और इनके निराकरण के लिए निर्देश दिए। इसी के साथ अब नगर निगम के अभियान ‘तुहंर सरकार तुहंर द्वार’ की शुरुआत हो चुकी है।

2 मार्च तक निगम की सरकारी गाड़ियों का इस्तेमाल नहीं

नगर निगम के जोन 2 के अध्यक्ष बंटी होरा अपनी कार की बजाए ई-रिक्शा से लोगों की सम्सयाएं सुनने पहुंचे साथ में पार्षद अनवर हुसैन थे

अब शहर के हर वार्ड में नगर निगम शिविर लगाएगा। इन शिविरों में नगर निगम के अफसर और नेता लोगों की परेशानियां सुनेंगे। 27 जनवरी को शुरु हुए इस अभियान को 2 मार्च तक चलाया जाएगा। इस अभियान में नगर निगम की सरकारी गाड़ियों का इस्तेमाल नहीं होगा। हर दिन मुख्यालय तक सभी अफसर और नेता साइकिल या ई रिक्शा से ही पहुंचेंगे। इसके बाद बस में बैठकर शिविर लगाने अलग-अलग वार्ड में जाएंगे। मंगलवार को गोगांव के बाद नगर निगम की टीम कबीर नगर हाउसिंग बोर्ड कालोनी में पहुंची।

चैती बाई को मिला पेंशन एटीएम कार्ड शिविर में इस तरह कई लोगों की समस्या का फौरन निदान किया गया।

पहले दिन नगर निगम के गोगांव इलाके में लगे शिविर में बड़ी तादाद में लोग पहुंचे। यहां शासकीय स्कूल कैंपस में शिविर की शुरूआत हुई। महापौर, ग्रामीण विधायक, कलेक्टर, सभापति, निगम आयुक्त, एमआईसी सदस्यों, पार्षद ने सीधे लोगों की समस्याएं सुनीं। इस शिविर में 107 नये श्रमिक पंजीयन कार्ड बनाकर दिये गये। स्वास्थ्य बीमा योजना के 100 प्रकरण स्वीकृत किये गये।

पीएम स्वनिधि के 82 प्रकरण स्वीकृत किये गये इस तरह कुल 409 आवेदन निराकृत किए गए। दूसरा शिविर कबीर नगर वार्ड में लगा। इलाके की बुजुर्ग महिला चैती जगत को ग्रामीण विधायक सत्यनारायण शर्मा ने आईडीबीआई निराश्रित पेंषन एटीएम कार्ड दिया। इस षिविर में 69 नये श्रमिक कार्ड जारी किये गये, 282 आवेदनों पर कार्रवाई की गई।

शिविर में इन विभागों से जुड़ी शिकायत कर सकेंगे लोगस्वास्थ्य एवं सफाई व्यवस्था, जलप्रदाय और निजी नल कनेक्शन, पावर पंप और नई पाईप लाईन विस्तार कार्य, विद्युत व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट वगैरह से जुड़े काम, नगर निवेश, लोककर्म विभाग, राजस्व विभाग, खाद्य विभाग राशन कार्ड, एनयूएलएम व्यवसाय के ऋण संबंधी कार्य, श्रम विभाग श्रमिक पंजीयन कार्य, नामांतरण प्रकरण से संबंधित कार्य, प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़ी समस्याओं को अफसर और नेता सुनेंगे। शिविर में शहर के महापौर , सभापति प्रमोद दुबे , एमआईसी सदस्य, नगर निगम के सभी 10 जोन के अध्यक्ष, वार्डों के पार्षद, एल्डरमेन, नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहेंगे।

28 जनवरी को यहां लगेगा शिविर

शिविर के लिए हर दिन समय सुबह11 से 2 बजे तक और दोपहर 2.30 से शाम 5.30 बजे तक तय किया गया है। हर दिन 2 शिविर लगेंगे। 28 जनवरी को 11 से 2 बजे तक बाल गंगाधर तिलक वार्ड क्रमांक 18 के सियान सदन जनता कालोनी, दोपहर ढ़ाई से साढ़े पांच बजे तक डॉ एपीजे अब्दुल कलाम वार्ड क्रमांक 19 के सामुदायिक भवन अशोक नगर में शिविर लगेगा।

Related Articles

Back to top button