राष्ट्रीय

अब तक के सबसे अधिक खनिज ब्लॉकों की नीलामी की घोषणा की

भोपाल। मध्य प्रदेश  ने 14 जुलाई, 2023 को रिकॉर्ड संख्या में 51 खनिज ब्लॉकों की नीलामी (Auction of Mineral Blocks) के लिए निविदा आमंत्रण नोटिस (एनआईटी) जारी किया है। यह किसी भी राज्य के एक ही किश्त में नीलामी के लिए अधिसूचित खनिज ब्लॉकों की सबसे अधिक संख्या है। वर्ष 2015 में नीलामी व्यवस्था शुरू होने के बाद विभिन्न प्रमुख खनिज भंडार वाले राज्यों ने 754 ब्लॉकों को नीलामी के लिए रखा है, जिनमें से 276 ब्लॉकों की सफल नीलामी की गई है। भारत सरकार ने इसके लिए मध्यप्रदेश की सराहना की। खनिज साधन मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह (Brijendra Pratap Singh) ने इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर विभाग के अधिकारियों/कर्मचारियों को बधाई दी है।

इन 51 ब्लॉकों में 14 खनिज शामिल हैं, जिनमें ग्रेफाइट और वैनेडियम, प्लेटिनम ग्रुप ऑफ एलीमेंट्स (पीजीई) जैसे रणनीतिक, महत्वपूर्ण खनिज और मैंगनीज, बॉक्साइट, चूना पत्थर, लौह अयस्क, बेस मेटल और सोना जैसे अन्य प्रमुख खनिज शामिल हैं। मध्यप्रदेश ने जिन 51 खनिज ब्लॉकों के लिए एनआईटी जारी की है, उनमें से 13 ब्लॉक खनन पट्टे के लिए और 38 ब्लॉक कंपोजिट लाइसेंस के लिए हैं।

मध्यप्रदेश खनिज ब्लॉक नीलामी के मामले में वित्त वर्ष 2022-23 के दौरान भी अन्य राज्यों से सबसे आगे था। उस वित्तीय वर्ष में प्रदेश ने 29 ब्लॉकों की नीलामी की थी। वर्ष 2015 में नीलामी व्यवस्था की शुरुआत के बाद से, प्रदेश ने 125 खनिज ब्लॉकों को नीलामी के लिए अधिसूचित किया है। इनमें से 46 की सफलतापूर्वक नीलामी की गई है। इन 51 ब्लॉकों की अधिसूचना के साथ मध्य प्रदेश नीलामी के लिए अधिसूचित ब्लॉकों की सबसे अधिक संख्या वाले राज्य के रूप में भी उभरा है, जिससे कुल खनिज ब्लॉकों की संख्या 176 हो गई है।

Related Articles

Back to top button