कन्फ्यूज पार्टी! राहुल गांधी का अटल को नमन और कांग्रेसी ने बताया ब्रिटिश एजेंट

राहुल गांधी आज सुबह अटल बिहारी वाजपेयी की समाधि पर पहुंचे और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। राहुल गांधी के इस कदम को कांग्रेस की ओर से उदार राजनीतिक का संकेत देने की कोशिश माना जा रहा था, लेकिन अब इस कोशिश पर पानी फिरता दिख रहा है। इसकी वजह अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के कॉर्डिनेटर गौरव पांधी का एक ट्वीट है। इस ट्वीट में उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी को अंग्रेजों का एजेंट ही बता दिया। हालांकि विवाद के बाद गौरव पांधी ने ट्वीट हटा लिया, लेकिन उससे पहले बड़ा नुकसान वह करा चुके थे। अहम बात यह है कि गौरव पांधी को मल्लिकार्जुन खड़गे की टीम का सदस्य माना जाता है। अहम सवाल यह है कि एक तरफ राहुल ने अटल को नमन किया है तो वहीं एक नेता ने उन्हें अंग्रेजों का एजेंट ही बता दिया। ऐसी स्थिति में कांग्रेस कैसे संभल सकेगी।

इस बीच भारत जोड़ो यात्रा पर निकले राहुल गांधी सोमवार को सुबह ही पूर्व पीएम और भाजपा के दिग्गज नेता रहे अटल बिहारी वाजपेयी की समाधि पर पहुंचे। इसके अलावा उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, पंडित जवाहरलाल नेहरू और लाल बहादुर शास्त्री की समाधियों के अलावा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिग्गज नेता रहे और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की समाधि पर सोमवार को श्रद्धांजलि अर्पित की। राहुल गांधी सबसे पहले अपने पिता और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की समाधि ‘वीर भूमि’ गए और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने इंदिरा गांधी की समाधि ‘शक्ति स्थल’, नेहरू की समाधि ‘शांति वन’, लाल बहादुर शास्त्री की समाधि ‘विजय घाट’, महात्मा गांधी की समाधि राजघाट और वाजपेयी की समाधि ‘सदैव अटल’ जाकर श्रद्धांजलि अर्पित की।

इसके अलावा राहुल गांधी ने पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह और पूर्व उप प्रधानमंत्री जगजीवन राम की समाधियों पर श्रद्धांजलि अर्पित की। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि राहुल गांधी ने ‘भारत जोड़ो यात्रा’ की भावना के तहत प्रमुख नेताओं की समाधियों पर जा कर उन्हें श्रद्धांजलि दी है। गांधी परिवार का कोई सदस्य या कांग्रेस का कोई शीर्ष नेता पहली बार वाजपेयी की समाधि पर पहुंचा है। वाजपेयी की 25 दिसंबर को जयंती थी। कांग्रेस के अनुसार, पहले राहुल गांधी का शनिवार शाम ही इन नेताओं की समाधियों पर जाने का कार्यक्रम था, लेकिन पदयात्रा पूर्ण होने में समय लग जाने के कारण इस कार्यक्रम में बदलाव किया गया।

‘भारत जोड़ो यात्रा’ में करीब 3,000 किलोमीटर की दूरी तय करके दिल्ली पहुंचने के बाद राहुल गांधी ने इन प्रमुख नेताओं की समाधियों पर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। पदयात्रा करते हुए राहुल और कई अन्य ‘भारत यात्री’ शनिवार को दिल्ली में दाखिल हुए थे। कन्याकुमारी से सात सितंबर को शुरू हुई यह यात्रा अब तक नौ राज्यों-तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा और दिल्ली से गुजर चुकी है। यात्रा लगभग आठ दिनों के विराम के बाद उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और अंत में जम्मू कश्मीर की ओर बढ़ेगी।

राहुल गांधी ने वाजपेयी की समाधि पर पहुंच दिया संदेश

कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा की अगुवाई कर रहे राहुल गांधी दिल्ली में हैं। इस दौरान वह सोमवार सुबह कड़ाके की ठंड में सफेद हाफ टी-शर्ट में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजिली देने पहुंचे। सदैव अटल पहुंच राहुल ने एबी वाजपेयी की समाधि पर फूल भी चढ़ाए। गौरतलब है कि पहले भी कांग्रेस की ओर से वाजपेयी का जिक्र करते हुए नरेंद्र मोदी पर हमले किए गए हैं। ऐसे में राहुल गांधी की ओर से वाजपेयी को श्रद्धांजलि दिए जाने को राजनीतिक संदेश के तौर पर भी देखा जा रहा है।

Related Articles

Back to top button