IND vs ENG: ‘हिटमैन’ के समर्थन में उतरे पूर्व बल्लेबाज, बोले- लॉर्ड्स का शतक हर सवाल का जवाब

पूर्व भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज सबा करीम का मानना है कि इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स के मैदान पर रोहित शर्मा द्वारा लगाए गए शतक ने उनके संन्यास को लेकर चल रही तमाम अटकलों पर पूर्णविराम लगा दिया है। सीरीज के शुरुआती दो मुकाबलों में 11 और 26 रन बनाने के बाद पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा दबाव में अंतिम वनडे खेलने उतरे थे। 2027 वनडे विश्व कप को ध्यान में रखते हुए चयनकर्ताओं द्वारा 39 वर्षीय रोहित से आगे बढ़ने की खबरों ने उनके भविष्य को लेकर चर्चाएं तेज कर दी थीं।
रोहित ने लॉर्ड्स में जड़ा था ऐतिहासिक शतक
यह अफवाहें कार्डिफ में खेले गए दूसरे वनडे के दौरान और बढ़ गईं, जिसके बाद बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने इन रिपोर्ट्स को खारिज करते हुए कहा था कि बोर्ड में लॉर्ड्स वनडे के रोहित का आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच होने को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई है। भविष्य को लेकर चल रही तमाम बहसों के बीच रोहित शर्मा ने अपने वनडे करियर की सबसे बेहतरीन पारियों में से एक खेली। 388 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए उन्होंने 110 गेंदों में 138 रनों की तूफानी पारी खेली। इसके साथ ही वह लॉर्ड्स में वनडे शतक जड़ने वाले पहले भारतीय और सबसे उम्रदराज बल्लेबाज बन गए। हालांकि भारत यह मुकाबला 27 रनों से हार गया और सीरीज गंवा बैठा, लेकिन रोहित की इस पारी ने सारा ध्यान वापस उनकी बल्लेबाजी पर ला दिया।
सबा करीम ने कहा कि सीरीज हारने के बावजूद रोहित के शतक, शुभमन गिल की फॉर्म और उनकी कप्तानी ने भारत को कई सकारात्मक पहलू दिए हैं। उन्होंने कहा कि भारत ने कई क्षेत्रों में अच्छा प्रदर्शन किया है और रोहित के शतक ने संन्यास की सभी अटकलों पर विराम लगा दिया है। गिल ने भी शानदार बल्लेबाजी के साथ बेहतरीन कप्तानी दिखाई, इसलिए बल्लेबाजी में कोई बड़ी समस्या नजर नहीं आती। करीम के मुताबिक, अब भारत का मुख्य ध्यान जसप्रीत बुमराह की अनुपस्थिति में सही तेज गेंदबाजी आक्रमण की पहचान करने पर होना चाहिए।
सबा ने न्यूजीलैंड दौरे को बताया महत्वपूर्ण
सबा करीम ने कहा कि न्यूजीलैंड का आगामी पांच मैचों का वनडे दौरा 2027 विश्व कप से पहले सही गेंदबाजी संयोजन की पहचान करने के लिए बेहद महत्वपूर्ण होगा। अंग्रेजी परिस्थितियों में भारत के युवा और अनुभवहीन तेज गेंदबाजों को संघर्ष करना पड़ा, इसलिए न्यूजीलैंड दौरा इन संयोजनों को परखने की असली परीक्षा होगा। भारत को मध्य ओवरों में विकेट निकालने के लिए एक रिस्ट स्पिनर की जरूरत है, चाहे वह कुलदीप यादव हों या कोई और। भारत को परिस्थितियों, मैदान के आयामों और विपक्षी टीम के अनुसार अधिक बारीकी से योजना बनाकर सही संसाधनों के साथ मैदान में उतरना होगा।



