FEATURED

इंद्रावती नदी के पुनर्जीवन और संरक्षण के लिए होंगे प्रभावी प्रयास, महादेव बैराज का जल्द होगा निर्माण : शरद अवस्थी

इंद्रावती बेसिन विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष का नगर निगम में भव्य स्वागत

 

महापौर संजय पाण्डेय, निगम अध्यक्ष खेम सिंह देवांगन सहित एमआईसी सदस्यों, पार्षदों एवं एल्डरमैन ने किया आत्मीय अभिनंदन

 

जगदलपुर, नवीन श्रीवास्तव।इंद्रावती बेसिन विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष शरद अवस्थी के नगर पालिका निगम जगदलपुर में प्रथम आगमन पर भव्य एवं आत्मीय स्वागत किया गया। इस अवसर पर महापौर संजय पाण्डेय, निगम अध्यक्ष खेम सिंह देवांगन, एमआईसी सदस्य, पार्षदगण एवं एल्डरमैन उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधियों ने पुष्पगुच्छ भेंटकर उनका अभिनंदन किया।

इस अवसर पर शरद अवस्थी ने कहा कि नगर निगम में जिस आत्मीयता और उत्साह के साथ उनका स्वागत किया गया, उससे वे भावुक और अभिभूत हैं। उन्होंने अपने पूर्व कार्यकाल की स्मृतियां साझा करते हुए नगर निगम के कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि नगर निगम के जनप्रतिनिधि शहर के विकास के प्रति प्रतिबद्ध हैं और पार्षदों के साथ मिलकर जनहित के कार्यों को आगे बढ़ा रहे हैं।

 

इंद्रावती नदी का संरक्षण प्राथमिकता

 

शरद अवस्थी ने इंद्रावती नदी के संरक्षण एवं पुनर्जीवन को प्राथमिकता बताते हुए कहा कि इसके लिए सरकार, प्रशासन और स्थानीय समुदायों के समन्वय से प्रभावी प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने महादेव बैराज का निर्माण जल्द कराए जाने की बात भी कही। उन्होंने कहा कि इंद्रावती नदी बस्तर की जीवनरेखा है और इसके संरक्षण के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य करना आवश्यक है।

अपने पुराने कार्यकाल को याद करते हुए उन्होंने नगरीय निकायों, विधानसभा एवं लोकसभा में भारतीय जनता पार्टी की राजनीतिक यात्रा और उपलब्धियों पर भी विचार साझा किए। उन्होंने पार्षदों को जनहित में बेहतर कार्य करने, अपनी जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने तथा नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय रहने की सलाह दी। साथ ही जगदलपुर शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के लिए सभी जनप्रतिनिधियों से मिलकर कार्य करने का आह्वान किया।

 

शरद अवस्थी का मार्गदर्शन प्रेरणादायी : महापौर संजय पाण्डेय

 

महापौर संजय पाण्डेय ने शरद अवस्थी के नगर निगम आगमन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि उनका अनुभव और मार्गदर्शन सभी जनप्रतिनिधियों के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने विश्वास जताया कि शरद अवस्थी के मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद से शहर के विकास कार्यों को नई दिशा मिलेगी तथा जनप्रतिनिधि जनहित के कार्यों को और बेहतर ढंग से आगे बढ़ा सकेंगे।

इस अवसर पर निगम अध्यक्ष खेम सिंह देवांगन ने भी अपने विचार व्यक्त किए। वहीं योगेंद्र पाण्डेय, आर्यन सिंह आर्य एवं सुरेश गुप्ता ने शरद अवस्थी के साथ कार्य करने के दौरान के अपने अनुभव साझा किए और उनसे जुड़ी पुरानी स्मृतियों को याद किया।

कार्यक्रम का संचालन राजस्व सभापति संग्राम सिंह राणा ने किया, जबकि लक्ष्मण झा ने आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर निर्मल पाणिग्रही, त्रिवेणी रंधारी, संजय विश्वकर्मा, नरसिंग राव,प्रकाश झा, उमा मिश्रा, हरीश पारख, पारुल बोथरा, आशा साहू, खगेंद्र सिंह ठाकुर, श्याम सुंदर बघेल, संतोष गौर, बसंती समरथ, उर्मिला यादव, रोशन सिसोदिया, गिरजा गुप्ता, गायत्री बघेल, पूनम सिन्हा, यशवर्धन राव, शशिनाथ पाठक, राजेश श्रीवास्तव, अतुल कौशल, संतोष त्रिपाठी, आशुतोष पॉल, रोहित त्रिवेदी, रितेश सिन्हा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button