बस्तर के सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी पर युवा कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष हेमंत कश्यप ने उठाई आवाज

CMHO डॉ. संजय बसाक ने मशीनें ठीक करवाने एवं असुविधाएं दूर करने का दिया आश्वासन
एक्स-रे मशीन, एम्बुलेंस, दवाइयों और मूलभूत सुविधाओं की समस्या दूर करने की मांग—हेमंत कश्यप
जगदलपुर, नवीन श्रीवास्तव,12 अक्टूबर 2026। बस्तर जिले के ग्रामीण एवं आदिवासी अंचलों में शासकीय स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति को लेकर बस्तर जिला युवा कांग्रेस ने चिंता व्यक्त करते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. संजय बसाक जी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में भानपुरी, बकावंड, बस्तर, तोकापाल, लोहाण्डीगुड़ा, बस्तानार, दरभा और करपावंड सहित जिले के प्रमुख शासकीय अस्पतालों में एक्स-रे मशीन, एम्बुलेंस, आवश्यक दवाइयों एवं अन्य मूलभूत स्वास्थ्य सुविधाओं की कमियों को दूर करने की मांग की गई।*
*ज्ञापन प्राप्त करते हुए CMHO डॉ. संजय बसाक जी ने मशीनों को ठीक करवाने तथा स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी असुविधाओं को शीघ्र दूर करने का आश्वासन दिया। युवा कांग्रेस ने उम्मीद जताई कि प्रशासन इस विषय पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराएगा।*
*युवा कांग्रेस ने कहा कि बस्तर के दूरस्थ गांवों से गरीब, आदिवासी एवं जरूरतमंद मरीज इलाज की उम्मीद लेकर सरकारी अस्पताल पहुंचते हैं। ऐसे में आवश्यक जांच सुविधाओं की कमी, एक्स-रे मशीनों के खराब रहने, एम्बुलेंस की अनुपलब्धता और जरूरी दवाइयों की कमी के कारण मरीजों एवं उनके परिजनों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।*
*ज्ञापन में मांग की गई कि जिले के प्रमुख शासकीय अस्पतालों में एक्स-रे मशीनों एवं अन्य जांच उपकरणों की कार्यशीलता सुनिश्चित की जाए। ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में पर्याप्त एम्बुलेंस उपलब्ध कराई जाएं, आवश्यक जेनरिक दवाइयों का पर्याप्त स्टॉक रखा जाए तथा अस्पतालों में खराब व्हील चेयर और स्ट्रेचर की मरम्मत या उन्हें बदला जाए।*
*युवा कांग्रेस ने महारानी अस्पताल सहित सभी शासकीय अस्पतालों में मरीजों के साथ सम्मानजनक व्यवहार, डॉक्टरों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की पर्याप्त उपलब्धता और शिकायतों के त्वरित निराकरण की व्यवस्था मजबूत करने की भी मांग की।*
*इस अवसर पर हेमंत कश्यप ने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाएं जनता का अधिकार हैं। बस्तर के गरीब और आदिवासी मरीजों को इलाज, जांच, दवाइयों और एम्बुलेंस के लिए भटकना न पड़े, यह सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस जनहित के मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी और स्वास्थ्य व्यवस्था में आवश्यक सुधार होने तक मरीजों की आवाज बुलंद करती रहेगी।*
*ज्ञापन सौंपने के दौरान उपस्थित रहे: नियालु महिलांग, देवनाथ ठाकुर, रामचंद्र, एकादशी, चंद्रेश सोनी, शिवनाथ, लखिराम, गोविन्द, जलधर, सुखमन, मंगला, शिवकाशी, हरिदास एवं गंभीर सहित अन्य साथी।*



