रायपुर: पेड़ों और कुओं का होगा सरंक्षण

प्रत्येक वार्ड में दो पुराने पेड़ों का सरंक्षण कर की जाएगी जियो टैगिंग, कुएं किये जाएंगे रिचार्च
रायपुर आइडल का भी होगा आयोजन
रायपुर। रायपुर नगर निगम के संस्कृति विभाग की टीम की आज बैठक हुई। जिसमें शहर के सभी वार्डों के दो ऐतिहासिक पेड़ों का संरक्षण तथा दो कुओं को पुनर्जीवित करने का निर्णय लिया गया।
निगम मुख्यालय भवन में आयोजित इस बैठक में संस्कृति विभाग के भारसाधक सदस्य आकाश तिवारी, निगमायुक्त मयंक चतुर्वेदी , अपर आयुक्त अभिषेक अग्रवाल, संस्कृति विभाग के सदस्य शीतल कुलदीप, बोगा, सरिता वर्मा, नीलम जगत तथा राजेश ठाकुर शामिल थे। बैठक में निर्णय लिया गया कि वार्डों के कुछ पुराने पेड़ उस क्षेत्र की पहचान होते हैं। अब प्रत्येक वार्डों के ऐसे ही दो पेड़ों को चिन्हित कर उनका संरक्षण किया जाएगा। निगमायुक्त श्री चतुर्वेदी के सुझाव पर उन पेड़ों का जियो टैगिंग करने का भी निर्णय लिया गया। साथ ही प्रत्येक वार्डों में मौजूद दो कुएं जो कि मृतप्राय हो चुके हैं, उनका भी सरंक्षण करने का निर्णय लिया गया। उन कुओं की साफ सफाई करके उन्हें रिचार्ज करने से आसपास का जलस्तर भी बढ़ेगा। इस हेतु प्रयास किया जाएगा। बैठक में पिछले साल की तरह इस साल भी रायपुर आइडल का आयोजन करने का भी निर्णय लिया गया। जिसके लिए तैयारियां करने के भी निर्देश दिए गए।



