Elon Musk ने नहीं चुकाया किराया, मकान मालिक ने ट्विटर कर्मियों को बाहर निकाला

नई दिल्ली. जब से एलन मस्क ने ट्विटर का अधिग्रहण किया है, तब से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के अच्छे दिन नहीं चल रहे हैं। हालात ये है कि अतिमहत्वाकांक्षी मस्क के मनमर्जी फैसलों का खामियाजा कर्मचारियों को भुगतना पड़ रहा है। बदबूदार बाथरूम, टॉयलेट पेपर की कमी और बहुत सी अप्रिय चीजों से निपट रहे ट्विटर कर्मचारियों को अब सिंगापुर स्थित ट्विटर के एशिया हेडक्वार्टर के दफ्तर से जबरन बाहर निकलने के लिए मजबूर होना पड़ा है।
मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया है कि चूंकि मस्क कार्यालय के किराए का भुगतान करने में विफल रहे हैं। इसलिए मकान मालिक ने ट्विटर के कर्मचारियों को दफ्तर से बाहर निकाल दिया।
टॉप टेक एनालिस्ट केसी न्यूटन ने बताया कि ट्विटर के सैन फ्रांसिस्को ऑफिस में भी काम करने वाले कर्मचारियों को मकान मालिक ने बिल्डिंग से बाहर निकलने पर मजबूर कर दिया। न्यूटन ने ट्वीट किया, “मुझे बताया गया है कि किराए का भुगतान न करने पर सिंगापुर कार्यालय – एशिया-प्रशांत मुख्यालय – से भी ट्विटर के कर्मचारियों को बाहर निकाल दिया गया है। यानी दो शहरों में मकान मालिकों ने कर्मचारियों को इमारत से बाहर कर दिया है।”
मीडिया रिपोर्ट्स में पहले ही खुलासा किया जा चुका है कि ट्विटर ने सैन फ्रांसिस्को स्थित अपने मुख्यालय समेत कई अन्य वैश्विक कार्यालयों के किराए का भुगतान नहीं किया है। इसके बाद ट्विटर पर पहले सैन फ्रांसिस्को में एक ऑफिस स्पेस के लिए किराए का भुगतान नहीं करने के लिए मुकदमा चलाया गया था।
ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट के अनुसार, सैन फ्रांसिस्को दफ्तर बिल्डिंग के मालिक ने खुलासा किया कि सोशल मीडिया दिग्गज को 16 दिसंबर, 2022 को सूचित किया गया था कि वह हार्टफोर्ड बिल्डिंग की 30वीं मंजिल के लिए अपने पट्टे पर पांच दिनों तक डिफ़ॉल्टर के रूप में तब तक रह सकता है, जब तक कि किराए का भुगतान नहीं कर देता। बता दें कि एलन मस्क खर्चों में कटौती का निर्देश पहले ही कंपनी के कर्मचारियों को दे चुके हैं।



