ग्वालियर में सुबह से छाए बादल,दोपहर में उमस भरी, बादल वर्षा के आसार कम, गर्मी का करना पड़ेगा सामना

ग्वालियर । मंगलवार को सुबह से बादल छा गए, जिसकी वजह से उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ा। वहीं दोपहर में उमस और बढ़ेगी, शाम को हल्के बादल छाएंगे, लेकिन बादलों में नमी नहीं होने की वजह से वर्षा के आसार कम हैं। अधिकतम तापमान 35 डिसे दर्ज हो सकता है। मौसम विभाग के अनुसार 4 से 5 अगस्त के बीच वर्षा की संभावना बनेगी।

गत दिवस शहर में तेज धूप निकली, जिसकी वजह से अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जाे सामान्य से 1.5 डिसे अधिक रहा। इस कारण दिन में गर्मी का अहसास हुआ। छह किमी प्रतिघंटा की गति से दक्षिण पश्चिमी हवा भी चली। इस हवा में नमी कम होने की वजह से हल्के बादल छा सके। वर्षा की संभावना भी नहीं दिखी।

औसत से ज्यादा रहेगी वर्षाः

मौसम विभाग ने अगस्त की वर्षा का पूर्वानुमान जारी किया है। इस महीने ग्वालियर में वर्षा सामान्य रहने के आसार हैं, जबकि ग्वालियर-चंबल संभाग के जिलों में औसत से ज्यादा बादल वर्षा करेंगे। जून व जुलाई में बादल ज्यादा मेहरबान नहीं रहे हैं, अब अगस्त से ही आस है। औसत वर्षा का अधिकतम हिस्सा इसी माह बरसेगा। मौसम विभाग के अनुसार चार अगस्त से हल्की व मध्यम वर्षा की शुरुआत होगी। दूसरे व तीसरे सप्ताह में झमाझम की संभावना बनेंगी। अभी मानसून ट्रफ लाइन हिमालय की तराई से होते हुए गुजर रही है। बंगाल की खाड़ी में सिस्टम बनने पर यह तीन से चार दिनों में सामान्य स्थिति में आएगी।

आगे कैसा रहेगा माैसमः

मौसम को प्रभावित करने वाला कोई सिस्टम नहीं है। इस कारण अगले दो दिनों तक आसमान साफ रहेगा और तेज धूप के कारण गर्मी रहेगी। बंगाल की खाड़ी में एक कमजोर कम दबाव का क्षेत्र विकसित हो रहा है, जिससे चार व पांच को वर्षा की संभावना बनेगी। हल्की वर्षा के साथ मानसून पर लगा ब्रेक हटेगा।

Related Articles

Back to top button