छत्तीसगढ़ PSC की मुख्य परीक्षा का जारी हुआ शेड्यूल, 26 मई से शुरुआत, परीक्षा केंद्र 6 शहरों में बनाए गए

छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (PSC) की मुख्य परीक्षा का शेड्यूल जारी हो गया है। यह परीक्षा 26 मई से शुरू होगी। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने परीक्षा के लिए 6 शहरों में केंद्र बनाए हैं, जिसमें अंबिकापुर, रायपुर, बिलासपुर, जगदलपुर व दुर्ग-भिलाई शामिल हैं। लोक सेवा आयोग ने पिछले साल राज्य सेवा के 20 सेवाओं के 171 पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू किया था। परीक्षा की तारीख जारी होने के बाद साथ ही छात्रों का इंतजार खत्म हो गया है।
बता दें छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने 13 फरवरी को प्रारंभिक परीक्षा का आयोजन किया था। प्रारंभिक परीक्षा में लाखों परीक्षार्थी शामिल हुए थे, जिसका परिणाम मार्च में जारी किए गए थे। प्रारंभिक परीक्षा में 2,548 लोगों ने मुख्य परीक्षा के लिए क्वालीफाई किया था। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग के सचिव जीवन किशोर ध्रुव द्वारा जारी आदेश के मुताबिक प्रारंभिक परीक्षा पास किए हुए लोग 26, 27, 28 और 29 मई को मुख्य परीक्षा में शामिल होंगे।
4 दिनों तक चलेगी परीक्षाएं
4 दिनों में 7 प्रश्न पत्रों की परीक्षा होनी है। शुरुआती 3 दिन दो पालियों में परीक्षा होगी। यह पालियां सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दोपहर बाद 2 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित हैं। 29 मई को सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक की एक पाली में ही परीक्षा होगी। जीवन किशोर ध्रुव ने बताया कि लोक सेवा आयोग द्वारा परीक्षार्थियों को 15 मई को प्रवेश पत्र जारी किया जाएगा। अभ्यर्थी आयोग की वेबसाइट www.psc.cg.gov.in से प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। आयोग द्वारा किसी भी अभ्यर्थी को अलग से प्रवेश पत्र नहीं भेजा जाएगा।



