CBI करेगी कवर्धा राजमाता के भतीजे की हत्या की जांच, HC ने दिया मोबाइल व सिम जब्त करने का आदेश

छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में राजपरिवार के सदस्य की हत्या के मामले में हाईकोर्ट ने घटना की जांच का जिम्मा सीबीआई को सौंप दिया है। हाईकोर्ट ने राजमाता शशि प्रभा की संपत्ति विवाद मामले और राजमाता के भतीजे विश्वनाथ नायर की हत्या मामले की जांच सीबीआई को करने का आदेश दिया है। हाईकोर्ट ने अपने आदेश में कहा है कि सीबीआई ( Central Bureau of Investigation) साक्ष्यों और सबूतों को संग्रहित करे और संदिग्धों के मोबाइल और सिम को भी जब्त करे।
बता दें कि अगस्त 2021 में विश्वनाथ नायर की हत्या कवर्धा के राजपरिवार के फार्म हाउस हुई थी। राजकीय संपत्ति को लेकर लंबे समय से चल रहे विवाद के बीच राजमाता के भतीजे की हत्या हुई थी। इस चर्चित हत्याकांड की सही जांच नहीं किए जाने व षड़यंत्र का आरोप लगाते हुए राजपरिवार की ही सदस्य ज्योति नायर ने हाईकोर्ट में एक याचिका दायर की थी। हाईकोर्ट में न्यायाधीश रजनी दुबे की सिंगल बेंच में मामला लगा था। जस्टिस दुबे ने मामले की सुनवाई करते हुए सीबीआई को जांच का आदेश दिया है। हालांकि पुलिस इस मामले का पहले ही खुलासा कर चुकी है। पुलिस का दावा था कि पांच लोगों ने मिलकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया है। चोरी की घटना के दौरान शोरगुल की आवाज से विश्वनाथ की नींद खुल गई। तभी आरोपियों ने पहचान उजागर होने के डर से रॉड से हमला कर उसकी हत्या कर दी थी।



