रायपुर में अभी लॉकडाउन नहीं, नाइट कर्फ्यू के साथ कुछ पाबंदियां बढ़ेंगी: मंत्री रविंद्र चौबे

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कोरोना के बढ़ते मामलों को लेकर जिला प्रशासन की महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में कोरोना के संक्रमण से बचाव को लेकर मंत्रणा की गई। बैठक में प्रभारी मंत्री रविंद्र चौबे, कलेक्टर सौरभ कुमार, एसपी प्रशांत अग्रवाल, चैंबर ऑफ कामर्स के अध्यक्ष अमर पारवानी सहित व्यवसायिक संगठनों को पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक के बाद मंत्री रविंद्र चौबे ने कहा कि अभी राजधानी में लॉकडाउन की स्थिति नहीं है। कोरोना से लड़ने के लिए प्रशासन के पास पूरी तैयारी है। किसी प्रकार से डरने की जरूरत नहीं है। नाइट कर्फ्यू सहित कुछ पाबंदियां जरूर रहेंगी

सरकार के प्रवक्ता व मंत्री रविंद्र चौबे ने कहा कि रायपुर में अभी वह स्थिति नहीं है कि लॉकडाउन लगाया जाए। रायपुर में सुरक्षात्मक व्यवस्था को मजबूत करने पर चर्चा हुई है। नाइट कर्फ्यू को लेकर कलेक्टर द्वारा गाइड लाइन जारी की गई है, जिसमें कुछ पाबंदियां जरूर है। कोरोना से बचाव के लिए सुरक्षात्मक उपायों को अपनाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश की मॉनिटरिंग मुख्यमंत्री खुद कर रहे हैं। हर जगह कोरोना से बचाव के नियमों का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए गए हैं। 4 फीसदी से अधिक पॉजिटिविटी रेट है वहीं नाइट कर्फ्यू लगाया गया है। सीएम ने प्रभारी मंत्रियों व कलेक्टरों को बैठक कर हरसंभव उपाय करने कहा है।

दिल्ली और महाराष्ट्र में स्थिति ज्यादा खराब
मंत्री रविंद्र चौबे ने कहा कि संक्रमण केवल छत्तीसगढ़ में नहीं बढ़ा है। छत्तीसगढ़ से ज्यादा खराब स्थिति महाराष्ट्र और दिल्ली की है। छत्तीसगढ़ सात राज्यों से घिरा हुआ है। प्रतिदिन हजारों लोगों का आना और बाहरी राज्यों में जाना होता है। ऐसे में सावधानी बरतने व सुरक्षात्मक उपायों को मजबूत करने सीएम ने निर्देश दिए हैं। चौबे ने कहा कि रायपुर के अलावा सभी जिलों में कलेक्टरों को कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए सख्ती से गाइडलाइन का पालन कराने कहा गया है। बगैर मास्क वाले लोगों पर चालानी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की टीम बाजारों व चौक-चौराहों में सक्रिय नजर आएगी। उन्होंने कहा कि मास्क जरूरी है। रायपुर में कुछ प्रतिबंधों के साथ गतिविधियां संचालित रहेंगी। कोरोना से बचाव के प्रोटोकॉल का पालन किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button