छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में मिला ओमिक्रॉन का पहला मरीज, संयुक्त अरब अमीरात से आया

छत्तीसगढ़ में भी कोरोना के नए वेरिएंट ओमिक्रॉन की एंट्री हो गई। बिलासपुर जिले में पहला मरीज मिला है। उक्त व्यक्ति संयुक्त अरब अमीरात से छत्तीसगढ़ लौटा है। उक्त व्यक्ति का सैंपल जिनोमिक सिक्वेंसिंग जांच के लिए ओडिशा भेजा गया था, जहां से रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। कोरोना के बढ़ते संक्रमण के बीच नए वेरिएंट ओमिक्रॉन का मरीज मिलने से स्वास्थ्य विभाग की परेशानी बढ़ गई है। ओमिक्रॉन के मरीज को चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया है।
स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक बिलासपुर में कोविड-19 के ओमिक्रॉन वेरिएंट के एक मरीज की पुष्टि हुई है। अफसरों ने बताया कि बताया कि संयुक्त अरब अमीरात से लौटे बिलासपुर निवासी 52 वर्षीय व्यक्ति के कोरोना पीड़ित होने के बाद उसका सैंपल जिनोमिक सिक्वेंसिंग जांच (WGS) के लिए इंस्टीट्यूट ऑफ लाइफ साइंसेज भुवनेश्वर भेजा गया था। स्वास्थ्य विभाग को बुधवार को जांच रिपोर्ट मिली है, जिसमें कोविड-19 के ओमिक्रॉन (“Omicron” B.1.1529) वेरिएंट की पुष्टि की गई है।
छत्तीसगढ़ में कोरोना के 2977 एक्टिव केस
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक प्रदेश में अभी कोरोना के 2977 एक्टिव केस हैं। रायपुर में सबसे ज्यादा 847 एक्टिव केस हैं। इसके बाद बिलासपुर में 519, रायगढ़ में 494, दुर्ग में 237, कोरबा में 207, राजनांदगांव में 76, जशपुर में 82, सुकमा में 55, सूरजपुर में 66, सरगुजा में 29 एक्टिव केस हैं। यह राज्य कंट्रोल एंड कमांड सेंटर द्वारा जारी 4 जनवरी का आंकड़ा है। प्रदेश में पॉजिटिविटी दर अब 2.97 प्रतिशत तक पहुंच गई है। कोरोना की वजह से मंगलवार को तीन लोगों की मौत भी छत्तीसगढ़ में हुई है। कोरोना संक्रमितों की बढ़ती संख्या से स्वास्थ्य विभाग भी चिंतित है।



