कोरोना से दिल्ली में हाहाकार, किसी अस्पताल में ऑक्सीजन खत्म तो किसी में नही हैं बेड

देश में बेकाबू हुई कोरोना वायरस की दूसरी लहर अपना कहर बरपा रही है। लगातार कोरोना संक्रमण के मरीजों और कोविड से होने वाली मौतों की संख्या में बढ़ोतरी ने लोगों में दहशत पैदा कर दी है। कोरोना से सर्वाधिक प्रभावित राज्यों में बेड, वेंटिलेटर, रेमडेसिविर और ऑक्सीजन की किल्लत हो गई है, जिसे दूर करने के लिए सरकार हरसंभव प्रयास कर रही है। देश में पिछले 24 घंटे में 3.55 लाख से ज्यादा नए कोरोना मरीज मिले हैं और 2800 से अधिक लोगों की जान चली गई।
दिल्ली: राम मनोहर लोहिया में नहीं बचा एक भी खाली बेड
देश की राजधानी दिल्ली में कोरोना संक्रमण के चलते हाहाकार मचा हुआ है। कोरोना मरीजों की लगातार बढ़ती संख्या के बीच दिल्ली के कई अस्पताल इस वक्त बेड और ऑक्सीजन की किल्लत से जूझ रहे हैं। दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में मरीजों के लिए बेड और ऑक्सीजन नहीं हैं। दिल्ली के सरकारी, प्राइवेट अस्पतालों का यही हाल है।
27.93 करोड़ लोगों की हुई कोविड जांच
देश में कोरोना वायरस की दूसरी लहर की रफ्तार को देखते हुए कोरोना की जांच में तेजी लाई गई है। भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के मुताबिक, देश में रविवार शाम तक कुल 27,93,21,177 नमूनों की जांच की गई, जिनमें से 14,02,367 नमूनों की जांच कल यानी रविवार को की गई।
अब तक 14.19 करोड़ लोगों का हुआ टीकाकरण
देश में दुनिया का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान जारी है। अब तक 14,19,11,223 लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है। बता दें कि 1 मई से कोविड टीकाकरण का तीसरा चरण शुरू होने वाला है, इसमें 18 साल से ऊपर के सभी लोगों को कोविड का टीका लगाया जाएगा।
दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में ऑक्सीजन की किल्लत
देश में कोरोना वायरस की दूसरी लहर ने कोहराम मचा रखा है। कोरोना मरीजों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी के चलते सर्वाधिक प्रभावित राज्यों में बेड, वेंटिलेटर, रेमडेसिविर और ऑक्सीजन की किल्लत जारी है। दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल प्रबंधक ने अपने यहां की हालत बयां की। उन्होंने बताया कि अस्पताल भीख मांगने और उधार लेने की स्थिति में है। यह बहुत संकट की स्थिति है। अस्पताल ने 2 सिलेंडरों की व्यवस्था की है, जो जल्द ही खत्म होने जा रहे हैं।
दिल्ली के बड़े अस्पतालों में से एक सर गंगाराम में ऑक्सीजन की कमी से 25 मरीजों की मौत गई थी। बावजूद यहां ऑक्सीजन का संकट खत्म नहीं हुआ है। अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि अस्पताल में ऑक्सीजन के 104 सिलेंडर हैं। आपात परिस्थितियों में इसका इस्तेमाल गंभीर रूप से बीमार कोरोना मरीजों के लिए किया जाता है। सभी 104 सिलेंडर को रिफिलिंग के लिए तीन दिन पहले 3 लोकेशन पर भेजा गया है, लेकिन 72 घंटे बीतने के बावजूद इन सिलेंडर को अभी तक नहीं भरा गया है। ऐसे में गंभीर संकट की स्थिति उत्पन्न हो गई है। किसी तरह से दो सिलेंडर की व्यवस्था की गई है, जो जल्द ही खत्म होने वाला है।
देश: 28 लाख के पार पहुंचे सक्रिय मरीज
स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, देश में कोरोना के सक्रिय मरीजों का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है। पिछले 24 घंटों में 2,19,272 कोरोना मरीज स्वस्थ होकर अपने घर लौट गए हैं। इसके साथ ही देश में अब तक 1,43,04,382 मरीज कोरोना वायरस को मात देने में कामयाब हुए हैं। रोजाना के आधार पर दर्ज होने वाले नए कोरोना केसों की तुलना में ठीक होने वाले मरीजों की संख्या बेहद कम है। फिलहाल, देश में सक्रिय मामले बढ़कर 28,13,658 पहुंच गए हैं। सक्रिय मामलों की संख्या अमेरिका के बाद सबसे अधिक भारत में है।
अमेरिका से भेजे गए ऑक्सीजन कंसनट्रेटर आज दिल्ली पहुंचेंगे
कोरोना की दूसरी लहर की मार झेल रहे भारत की मदद के लिए अब अमेरिका ने भी मदद का हाथ बढ़ाया हे। रविवार को सुबह न्यूयॉर्क से भारत के लिए तीन सौ से अधिक ऑक्सीजन कंसनट्रेटर भेजे गए हैं। कैनेडी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से कार्गो पांच टन (5000 किलोग्राम) ऑक्सीजन सांद्रता को लेकर रवाना हो चुका है, जो सोमवार दोपहर तक दिल्ली पहुंचेगा। कंसनट्रेटर ऐसा उपकरण है, जो हवा से ऑक्सीजन बनाता है।



