चेन्नई की लगातार तीसरी जीत,कलकत्ता को 18 रन से हराया

मुंबई
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के एक मुकाबले में एमएस धोनी (MS Dhoni) की कप्तानी वाली चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने कोलकाता नाइटराइडर्स (KKR) को 18 रनों से हरा दिया। मैच में चेन्नई ने 3 विकेट पर 220 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था। जवाब में कोलकाता टीम रसल (22 गेंदों में 54 रन) और पैट कमिंस (34 गेंदों में नाबाद 66 रन) की तूफानी फिफ्टी के बावजूद 202 रनों तक ही पहुंच सकी। चेन्नई की यह 4 मैचों में तीसरी जीत है।
उसकी जीत के हीरो रहे तेज गेंदबाज दीपक चाहर। उन्होंने 29 रन देकर केकेआर के टॉप-5 में से 4 बल्लेबाजों को आउट किया, लुंगी एंगिडी ने 28 रन देकर 3 विकेट झटके। इसके साथ ही वह पॉइंट्स टेबल में 6 अंकों के साथ रनरेट के आधार पर टॉप पर पहुंच गई है। विराट की कप्तानी वाली RCB के भी 6 पॉइंट्स हैं। वह दूसरे नंबर पर है। दूसरी ओर, केकेआर 4 मैचों में 3 हार के साथ छठे नंबर पर है।
आखिरी ओवर में 20 रनों की जरूरत
पैट कमिंस ने जोर लगाया तो केकेआर मुकाबले में आ गई। उसे आखिरी ओवर में 20 रन चाहिए थे। शार्दुल ठाकुर के हाथ में गेंद थी। पहली ही गेंद पर प्रसिद्ध कृष्णा रन आउट हो गए। इसके साथ ही चेन्नई ने मुकाबला जीत लिया।
CSK की पारी का रोमांच
चेन्नई सुपर किंग्स ने फाफ डु प्लेसिस की 95 रन की नाबाद और रितुराज गायकवाड़ की 64 रन की अर्धशतकीय पारी से कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ तीन विकेट पर 220 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। बल्लेबाजी का न्यौता मिलने के बाद चेन्नई सुपर किंग्स ने शानदार शुरूआत करते हुए पावरप्ले में बिना विकेट गंवाए 54 रन बनाए। दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेटर डु प्लेसिस ने पारी शुरू की और अंत तक डटे रहे, उन्होंने अपनी पारी के दौरान 60 गेंद में नौ चौके और चार छक्के जमाए



