मेडिकल कॉलेज डिमरापाल, जगदलपुर में “सेवा संकल्प अभियान–2026” का भावपूर्ण शुभारंभ


रक्तदान शिविर, पेशेंट सेफ्टी डे पर सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता एवं प्रत्येक वार्ड में दीपदान कार्यक्रम आयोजित
जगदलपुर, नवीन श्रीवास्तव।स्वर्गीय बलिराम कश्यप स्मृति शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय, डिमरापाल, जगदलपुर में *“सेवा संकल्प अभियान–2026”* का भावपूर्ण एवं गरिमामय शुभारंभ किया गया। यह अभियान 17 सितंबर 2026 से 17 अक्टूबर 2026 तक संचालित किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत निर्धारित जनसेवा एवं सामाजिक सरोकार की गतिविधियों के सुचारू संचालन, प्रभावी क्रियान्वयन एवं पर्यवेक्षण हेतु नोडल अधिकारी एवं सामान्य समिति का गठन किया गया है।
अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाली समस्त गतिविधियों के नोडल अधिकारी प्रोफेसर डॉ. के. एल. आजाद हैं, जिनके तत्वावधान एवं मार्गदर्शन में अभियान की विभिन्न गतिविधियों का सुचारू एवं व्यवस्थित संचालन किया जा रहा है।
अभियान के शुभारंभ के अवसर पर महाविद्यालय एवं अस्पताल परिसर में विभिन्न जनसेवा गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत रक्तदान शिविर, पेशेंट सेफ्टी डे के अवसर पर सामान्य ज्ञान/क्विज प्रतियोगिता तथा शाम को अस्पताल के प्रत्येक वार्ड में दीपदान कार्यक्रम आयोजित किया गया।
पेशेंट सेफ्टी डे पर रोमांचक क्विज प्रतियोगिता
पेशेंट सेफ्टी डे के अवसर पर आयोजित सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में मेडिकल कॉलेज के विभिन्न बैचों के विद्यार्थियों एवं पीजी विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में मरीजों की सुरक्षा, संक्रमण नियंत्रण, चिकित्सा सेवा, दवा सुरक्षा एवं स्वास्थ्य संबंधी विषयों पर प्रश्न पूछे गए।
प्रतियोगिता में प्रथम स्थान 2026 बैच के नवप्रवेशित प्रथम वर्ष के मेडिकल विद्यार्थियों की टीम ने प्राप्त किया। विजेता टीम में रेशमा, अंशिका, विंध्यराज एवं गीतांजलि पैकरा शामिल रहे।
वहीं द्वितीय स्थान छाती एवं क्षय रोग विभाग (TB & Chest Medicine) के पीजी विद्यार्थियों की टीम ने प्राप्त किया। प्रतियोगिता का परिणाम विशेष रूप से उत्साहवर्धक रहा और इसने यह संदेश दिया कि प्रतिभा, ज्ञान एवं सीखने की क्षमता के लिए केवल अनुभव या अध्ययन का स्तर ही महत्वपूर्ण नहीं होता।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. प्रदीप बैक, मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. संदीप सिंह, प्रोफेसर डॉ. कमलेश ध्रुव, प्रोफेसर डॉ. प्रदीप पांडे तथा सह प्राध्यापक एवं विभागाध्यक्ष, एनाटॉमी, डॉ. बीथिका नेल कुमार सहित चिकित्सक, अधिकारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
*“Prevention is better than cure*” पर दिया गया जोर
प्रोफेसर डॉ. प्रदीप पांडे ने पेशेंट सेफ्टी के संदर्भ में “Prevention is better than cure” की अवधारणा पर जोर देते हुए कहा कि मरीज की सुरक्षा केवल उपचार तक सीमित नहीं है। मरीज एवं उसके परिजनों की उचित काउंसलिंग, जागरूकता और सहयोग भी सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
“सेवा, साधना और त्याग ही चिकित्सा जीवन की पहचान”
प्रोफेसर डॉ. कमलेश ध्रुव ने सेवा संकल्प की भावना को चिकित्सा जीवन के मूल उद्देश्य से जोड़ते हुए कहा—
“सेवा, साधना और त्याग हमारे चिकित्सा जीवन के मूल मूल्य हैं। चिकित्सा केवल एक पेशा नहीं, बल्कि मानव सेवा का संकल्प है। सेवा संकल्प अभियान इसी भावना को हमारे दैनिक कार्य एवं चिकित्सा जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का प्रयास है। प्रत्येक मरीज के प्रति संवेदना, समर्पण, जिम्मेदारी और सुरक्षित चिकित्सा सेवा ही सच्चे सेवा संकल्प की पहचान है।”
प्रत्येक वार्ड में दीपदान से दिया सेवा और संवेदना का संदेश
अभियान के शुभारंभ के अवसर पर शाम 6 बजे अस्पताल के प्रत्येक वार्ड में दीपदान कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। अस्पताल प्रबंधन एवं स्टाफ के सहयोग से मरीजों एवं उनके परिजनों की सहभागिता में दीप प्रज्वलित किए गए।
दीपदान कार्यक्रम के माध्यम से मरीजों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ, सकारात्मक वातावरण, आशा, संवेदना और सेवा भावना का संदेश दिया गया। मरीजों एवं उनके परिजनों की सहभागिता ने कार्यक्रम को विशेष रूप से भावनात्मक और आत्मीय बना दिया।
प्रोफेसर डॉ. के. एल. आजाद के तत्वावधान एवं मार्गदर्शन में आयोजित इन गतिविधियों में महाविद्यालय एवं अस्पताल प्रबंधन, चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, कर्मचारियों तथा विद्यार्थियों का सक्रिय सहयोग रहा।
*“सेवा संकल्प अभियान–2026”* के माध्यम से मेडिकल कॉलेज डिमरापाल ने चिकित्सा सेवा को केवल उपचार तक सीमित न रखते हुए सेवा, संवेदना, जागरूकता, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं मरीज-केंद्रित स्वास्थ्य सेवा की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया है।



