‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत 11 अगस्त को निकलेगी भव्य तिरंगा यात्रा

महापौर संजय पांडे ने शहरवासियों से की अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील
जगदलपुर। देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत नगर पालिक निगम जगदलपुर द्वारा 11 अगस्त 2026 को भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जा रहा है।
तिरंगा यात्रा का शुभारंभ 11 अगस्त को प्रातः 10 बजे माँ दंतेश्वरी मंदिर प्रांगण, जगदलपुर से होगा। यात्रा में शहर के जनप्रतिनिधि, सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठनों के पदाधिकारी, युवा, विद्यार्थी, व्यापारी, महिलाएं तथा बड़ी संख्या में शहरवासी हाथों में तिरंगा लेकर शामिल होंगे।
नगर पालिक निगम जगदलपुर के महापौर संजय पांडे ने शहरवासियों से इस राष्ट्रव्यापी अभियान में उत्साहपूर्वक सहभागी बनने की अपील की है। उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल हमारे देश का ध्वज नहीं, बल्कि भारत की संप्रभुता, एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान देश के प्रति सम्मान और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने का अवसर है।
महापौर ने कहा कि जगदलपुर की जनता हमेशा राष्ट्रहित और सामाजिक सरोकारों से जुड़े अभियानों में बढ़-चढ़कर सहभागिता करती रही है। इस तिरंगा यात्रा को भी शहरवासी मिलकर ऐतिहासिक और यादगार बनाएं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपने परिवार, मित्रों और परिचितों के साथ यात्रा में शामिल होकर ‘एकता और सम्मान के लिए तिरंगा लेकर चलें’ तथा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करें।
उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का संदेश केवल घर-घर तिरंगा फहराने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक भारतीय के भीतर देश के प्रति गौरव, जिम्मेदारी और एकता की भावना को और मजबूत करने का अभियान है।
महापौर संजय पांडे ने शहरवासियों से अपील की कि 11 अगस्त को सुबह 10 बजे माँ दंतेश्वरी मंदिर प्रांगण पहुंचकर तिरंगा यात्रा का हिस्सा बनें और राष्ट्रभक्ति के इस आयोजन को जनभागीदारी के साथ सफल बनाएं।



