बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 64.46% मतदान , 1952 से अब तक सबसे ज्यादा वोटिंग

बिहार विधानसभा चुनाव के पहले फेज में गुरुवार को 121 विधानसभा सीटों पर बंपर मतदान हुआ। इतिहास में पहली बार बिहार में 64.46 फीसदी मतदान हुआ है। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच लगभग पौने चार करोड़ वोटर्स ने अपने मतदाधिकार का इस्तेमाल किया। राज्य के दोनों डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा और 16 मंत्रियों समेत कुल 1314 उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में कैद हो गई। मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) विनोद सिंह गुंजियाल ने मीडियाकर्मियों को बताया कि अब तक जिला मुख्यालयों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 121 सीटों पर 64.46 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उन्होंने बताया कि कुछ छिटपुट घटनाओं को छोड़कर मतदान शांतिपूर्ण रहा
1952 से अब तक सबसे ज्यादा वोट पड़े
बिहार में इस बार साल 1952 से अब तक सबसे ज्यादा वोटिंग हुई है। 1952 में हुए चुनाव में 42.6 फीसदी, 1957 में 43.24 फीसदी, 1962 में 44.47 फीसदी वोट पड़े। इसके अलावा, 1967 में 51.51 फीसदी, 1969 में 52.79 फीसदी, 1972 में 52.79 फीसदी वोट पड़े। इसके अलावा, 1977 में 50.51, 1980 में 57.28, 1985 में 56.27, 1990 में 62.04, 1995 में 61.79 फीसदी वोटिंग हुई। चुनाव आयोग के अनुसार, 2000 में बिहार विधानसभा चुनावों में सबसे ज्यादा 62.57 फीसदी, 2005 में 46.5 फीसदी, 2005 अक्टूबर में 45.85 फीसदी, 2010 में 52.73 फीसदी वोटिंग हुई। वहीं, 2015 में 56.91, 2020 में 57.29 फीसदी वोट पड़े।
लोकसभा चुनाव की बात करें तो 1998 में सबसे ज्यादा 64.6 फीसदी वोट पड़े थे। ऐसे में इतिहास में इस बार बिहार विधानसभा चुनाव में सबसे अधिक वोटिंग हुई है।
सबसे अधिक किस जिले में पड़े वोट?
पहले चरण में जिन 18 जिलों में मतदान हुआ, उनमें बेगूसराय में सबसे अधिक 67.32 प्रतिशत मतदान हुआ, उसके बाद गोपालगंज में 64.96 प्रतिशत और मुजफ्फरपुर में 65.96 प्रतिशत मतदान हुआ। पटना जिले में मतदान प्रतिशत 55.02 प्रतिशत रहा। इससे पहले, 2015 और 2020 के बिहार विधानसभा चुनावों में कुल मतदान क्रमशः 56.66 प्रतिशत और 57.29 प्रतिशत रहा था। कुल मतदान 52.67 प्रतिशत रहा। 2020 में तीन चरणों में मतदान हुआ था। जिलों की बात करें तो आज रात 8 बजे तक भोजपुर जिले में 53.24 प्रतिशत मतदान हुआ, इसके बाद बक्सर में 57.39 प्रतिशत, दरभंगा में 58.38 प्रतिशत, खगड़िया में 60.65 प्रतिशत, मुंगेर में 54.90 प्रतिशत, नालंदा में 57.58 प्रतिशत, सहरसा में 62.65 प्रतिशत मतदान हुआ।
राघोपुर में 64.01 फीसदी वोटिंग
वहीं, समस्तीपुर में 66.88 प्रतिशत, सारण में 61.52 प्रतिशत, शेखपुरा में 53.45 प्रतिशत, सीवान में 57.41 प्रतिशत और वैशाली में 59.45 प्रतिशत मतदान हुआ। प्रमुख निर्वाचन क्षेत्रों की बात करें तो, राघोपुर में 64.01 प्रतिशत, महुआ में 54.88 प्रतिशत, अलीनगर में 58.05 प्रतिशत, तारापुर में 58.33 प्रतिशत, लखीसराय में 60.51 प्रतिशत, छपरा में 56.32 प्रतिशत, बांकीपुर में 40 प्रतिशत, फुलवारी में 62.14 प्रतिशत, रघुनाथपुर में 51.18 प्रतिशत, सीवान में 57.38 प्रतिशत और मोकामा में 62.16 प्रतिशत मतदान हुआ है। लखीसराय जिले में रात आठ बजे तक 62.76 प्रतिशत और मधेपुरा में 65.74 प्रतिशत मतदान हुआ।



