FEATURED

बस्तर पुलिस ने किया साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश, 5 गिरफ्तार

जगदलपुर। बस्तर पुलिस ने ऑनलाइन ठगी करने वाले गिरोह पर बड़ी कार्रवाई करते हुए झारखंड से 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी बिहार के अलग-अलग जिलों के रहने वाले हैं। पुलिस की इस कार्रवाई को ठग गिरोह के नेटवर्क को तोड़ने की दिशा में बड़ी सफलता माना जा रहा है।

 

 

मामला जगदलपुर निवासी देवांश कुमार बजाज से जुड़ा है, जिन्हें साइबर ठगों ने नायका कंपनी की फर्जी वेबसाइट बनाकर फ्रेंचाइजी दिलाने का झांसा दिया। आरोपियों ने धोखाधड़ी कर उनसे 11 लाख 65 हजार रुपए हड़प लिए। पीड़ित की शिकायत रेंज साइबर थाना जगदलपुर में दर्ज की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित की।

 

 

एसपी बस्तर शलभ सिंह ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस टीम झारखंड के रांची पहुंची और वहां से 5 आरोपियों — आयुष कुमार राय, नीतीश कुमार, रॉकी कुमार, धर्मेंद्र उर्फ धीरज और रेड रोज उर्फ गोरेलाल को गिरफ्तार किया गया। इससे पहले पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े एक अन्य आरोपी गोपाल कुमार शर्मा को पटना से पकड़ चुकी है।

 

पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी फर्जी म्यूल अकाउंट खोलकर ठगी के पैसों को इधर-उधर ट्रांसफर करते थे। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।

 

 

 

 

Related Articles

Back to top button