Reel बनाने के शौक ने ली जान!ट्रेन की चपेट में आकर युवक की मौत

सोशल मीडिया पर रील और फोटो शूट का चलन युवाओं में तेजी से बढ़ा है, लेकिन यह शौक कई बार जानलेवा साबित हो जाता है। ऐसा ही एक दर्दनाक हादसा सिवनी जिले के घंसौर थाना क्षेत्र में हुआ, जहां रेलवे ट्रैक पर रील बनाते समय एक युवक की डेमू ट्रेन की चपेट में आकर मौत हो गई। मृतक की पहचान आकाश राठौर के रूप में हुई है।
चश्मदीद का बयान
हादसे के चश्मदीद और बचे युवक नितिन यादव ने बताया, “पहली ट्रेन की आवाज की गूंज अब भी कानों में थी। हमें अंदाजा नहीं था कि दूसरी ट्रेन पीछे से आ रही है। जब तक समझ पाते, बहुत देर हो चुकी थी।” नितिन के अनुसार, वे पहले सड़क पर रील बना रहे थे, फिर रेल पटरियों की ओर चले गए। स्थानीय निवासियों ने बताया कि इस इलाके में पहले भी कई युवक रील बनाने के लिए रेलवे ट्रैक पर जाते रहे हैं, जिससे जान का जोखिम बना रहता है। लोगों ने प्रशासन से इस क्षेत्र में चेतावनी बोर्ड लगाने और निगरानी बढ़ाने की मांग की है।
पुलिस ने मर्ग कायम किया
थाना प्रभारी लक्ष्मण सिंह झरिया ने पुष्टि की कि मृतक की पहचान आकाश राठौर के रूप में हुई है। पुलिस ने मर्ग क्रमांक दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही, युवक के परिजनों को सूचना दे दी गई है



