इंद्रायणी नदी हादसे अब तक चार की मौत, मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये का मुआवजा

महाराष्ट्र के पुणे में रविवार दोपहर इंद्रायणी नदी पर बना पुल ढह गया। इस हादसे में जहां चार लोगों की मौत हो गई, वहीं 18 लोग घायल बताएं जा रहे हैं। करीब 38 लोगों को बचाव कर्मियों ने बचा लिया है।
बचाव कार्य युद्ध स्तर पर जारी- गिरीश महाजन
महाराष्ट्र के मंत्री गिरीश महाजन ने कहा, ‘बचाव कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है। मलबे के नीचे शव होने की संभावना है…एनडीआरएफ और एसडीआरएफ सभी मलबा हटाने के लिए काम कर रहे हैं…यह पुल किसानों की आवाजाही के लिए था लेकिन 250-300 पर्यटक इस पर खड़े थे और अत्यधिक भार के कारण पुल ढह गया’।
पुल हादसे में मरने वालों का बढ़ा आंकड़ा
पुणे में रविवार दोपहर हुए पुल हादसे में मरने वालों की संख्या चार हो गई है। बचावकार्य के दौरान बचावकर्मियों को दो और शव मिले हैं। वहीं 18 लोग घायल हुए हैं। जबकि बचाव कर्मियों ने 35 से अधिक लोगों को बचाया है।
सीआरपीएफ और एनडीआरएफ की टीम बचाव में जुटी
पुणे में पुल ढहने से हुए हादसे पर सीआरपीएफ के डीआईजी वैभव निंबालकर ने कहा, ‘घटना की जानकारी मिलने के बाद हमने बिना किसी आदेश का इंतजार किए तालेगांव की सीआरपीएफ की टीमें भेजीं। एनडीआरएफ की टीमें भी भेजी गईं। हमारा काम मुख्य रूप से प्रशासन की मदद करना है और भीड़ को संभालने समेत हर तरह की मदद करना है…एनडीआरएफ की दो टीमें बचाव अभियान पर काम कर रही हैं’।
डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने जताया दुख
महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे इस घटना पर दुख जताया है। एक्स पर एक पोस्ट में उन्होंने लिखा- पुणे जिले के मावल तालुका के कुंदमाला में इंद्रायणी नदी पर बना एक पुराना पुल ढहने से दुर्घटना हुई है। आशंका है कि इस जगह घूमने आए 25-30 पर्यटक पुल ढहने से बह गए हैं। एनडीआरएफ की टीम घटनास्थल पर पहुंच गई है और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है। मैंने इस संबंध में पुणे के जिला कलेक्टर से व्यक्तिगत रूप से बात की है और तत्काल सभी आवश्यक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।
भारी भीड़ के कारण गिरा पुल- गिरीश महाजन
महाराष्ट्र के मंत्री गिरीश महाजन इंद्रायणी नदी पर पुल ढहने के घटनास्थल पर पहुंचे। हादसे पर उन्होंने कहा ‘यह एक छोटा पुल है, जो किसानों और पैदल यात्रियों के आवागमन के लिए बनाया गया है। लेकिन, इस पर बड़ी संख्या में पर्यटक खड़े थे और यह इतने लोगों का भार सहन नहीं कर सका। वहां एक बोर्ड लगा था जिस पर लिखा था कि यह पुल पुराना है और खराब हो चुका है। दो लोगों के शव बरामद किए गए हैं और कहा जा रहा है कि 4-5 लोगों की जान चली गई है।’
पुणे में पुल ढहने की घटना में मुआवजे का एलान
पुणे जिले में इंद्रायणी नदी पर बना लोहे का पुल ढहने की घटना में राज्य सरकार ने मुआवजे का एलान किया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने घोषणा की है कि राज्य सरकार पुणे जिले के तालेगांव के पास इंद्रायणी नदी पर पुल ढहने की घटना में मारे गए लोगों के परिवारों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देगी। इसके अलावा, राज्य सरकार घायलों के इलाज का खर्च भी उठाएगी।
गृह मंत्री ने जताया दुख, सीएम फडणवीस से की बात
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पुणे हादसे पर दुख जताया है। एक्स पर एक पोस्ट में उन्होंने लिखा- ‘पुणे के तालेगांव में इंद्रायणी नदी पर पुल ढहने की दुखद घटना से बहुत दुखी हूं। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से बात की और जमीनी हालात के बारे में जानकारी ली। पास में तैनात एनडीआरएफ की टीमें तुरंत घटनास्थल पर पहुंचीं, बचाव अभियान में शामिल हुईं और उल्लेखनीय तत्परता से कई लोगों की जान बचाई। जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खो दिया है, उनके प्रति हार्दिक संवेदना। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।’



