TMC के बागी सांसदों की लिस्ट में सयानी घोष का नाम शामिल”

ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस में भगदड़ मची हुई है, कई दिग्गज नेता दीदी का साथ छोड़ रहे हैं. इस बीच खबर है कि टीएमसी के 20 बागी लोकसभा सांसदों की लिस्ट में साइन करने वालों में सयानी घोष भी शामिल हैं. सयानी घोष जाधवपुर लोक सभा निर्वाचन क्षेत्र से सांसद हैं. लोकसभा में तृणमूल कांग्रेस के कुल 29 सांसद हैं. बारासात से सांसद काकोली घोष इस बागी गुट का नेतृत्व कर रही हैं.
कौन हैं सयानी घोष?
सयानी घोष तृणमूल कांग्रेस की एक फायरब्रांड नेता रही हैं. वह जाधवपुर लोकसभा सीट से सांसद हैं. उनकी तुलना ममता बनर्जी से की जाती रही है. वह बड़े से बड़े नेता को खरी-खरी सुनाने में जरा-सा भी हिचकिचाती नहीं हैं. सयानी घोष ने 2021 में औपचारिक रूप से ममता बनर्जी की पार्टी को जॉइन किया था. इसी साल सयानी ने आसनसोल दक्षिण से चुनाव लड़ा, लेकिन वह हार गई थीं. हार के बावजूद अभिषेक बनर्जी ने इसी साल सियानी घोष को पार्टी की युवा इकाई टीएमसी यूथ कांग्रेस का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया. यह पद पहले अभिषेक बनर्जी के पास था
20 लोकसभा सांसद बागी
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद टीएमसी के 20 लोकसभा सांसदों के बागी होने की चर्चाएं हैं. तृणमूल सांसद काकोली घोष दस्तीदार के नेतृत्व वाले बागी गुट ने दावा किया था कि वे लोकसभा अध्यक्ष को पत्र लिखकर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के समर्थन की घोषणा करेंगे. उन्होंने यह भी दावा किया था कि पार्टी के लगभग 20 सांसद उनके साथ हैं. हालांकि, काकोली घोष ने ये खुलासा नहीं किया है कि वो 20 सांसद कौन हैं, जो ममता दीदी का साथ छोड़ रहे हैं. इनमें सयानी घोष का नाम भी शामिल बताया जा रहा है.
हाल ही में टीएमसी राज्यसभा सांसद सुखेन्दु शेखर राय ने पद और पार्टी से इस्तीफा दे दिया और संकेत दिया कि जल्द ही और राज्यसभा सांसद भी इस्तीफा देने वाले हैं.



