महाकुंभ में लोगों की सेवा कर रहा कांग्रेस सेवा दल,बुजुर्गों की ऐसे कर रहे मदद

महाकुंभ में जो जिस भी स्तर से बन पड़ रहा है, वह सेवा कार्य में जुटा है। कांग्रेस का दावा है कि उसका सेवा दल आजादी के पहले से ही महाकुंभ और हर माघ मेले में तीर्थयात्रियों की सेवा के लिए कैंप लगाता है। इस दौरान बुजुर्गों, बच्चों, महिलाओं और पीड़ितों की हर संभव सहायता की जाती है। एनएसयूआई के युवाओं के सहारे बुजुर्गों को उनके गंतव्य तक या बस पकड़ने के लिए बने बस अड्डों तक पहुंचाने का काम किया जा रहा है। सेवा दल का शिविर महाकुंभ के सेक्टर 15 में तुलसी मार्ग पर बनाया गया है, जबकि यूथ कांग्रेस का सेवा कार्य अरैल घाट पर संगम मार्ग पर किया जा रहा है।
पिछले दिनों जब कुंभ में दुर्घटना घटी थी, उस दौरान भी एनएसयूआई और सेवा दल के लोगों ने लोगों को उनके परिजनों तक पहुंचाने का काम किया। इसके अलावा पीड़ितों के परिजनों को अस्पतालों तक पहुंचाने या उनका पता लगाने के लिए पुलिस बल के साथ मिलकर सहयोगात्मक कार्य किया। इस दौरान अनेक महिलाओं और बुजुर्गों को उनके गंतव्य तक पहुंचने के लिए बसों की उपलब्धता वाले स्थानों तक पहुंचाने के लिए एनएसयूआई के युवाओं ने अच्छा कार्य किया।
तीर्थयात्रियों को खिला रहे लंगर
उत्तर प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता विश्व विजय सिंह ने कहा कि सेवा दल के लंगर में प्रतिदिन हजारों तीर्थयात्रियों को भोजन कराया जा रहा है। इसकी पूरी व्यवस्था कांग्रेस, सेवा दल और एनएसयूआई के कार्यकर्ता अपने स्तर पर कर रहे हैं। लंगर में सुबह शाम को भोजन के अलावा लोगों को सुबह-शाम दोनों समय चाय पिलाई जा रही है। यह पूरा कार्य जनता की सेवा को ध्यान में रखकर किया जा रहा है।



