रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़े गए दो अधिकारी, एंटी करप्शन ब्यूरो की बड़ी कार्रवाई

छत्तीसगढ़ में एसीबी ने दो अधिकारियों को रिश्वत लेते हुए पकड़ा है। अधिकारियों ने एक सेवानिवृत्त कर्मचारी से 10 हजार रुपयों की मांग की थी। आज उन्हें 6 हजार रुपयों की नगदी लेते हुए पकड़ा गया है। एसीबी की टीम ने यह कार्रवाई करते हुए अधिकारियों को रंगे हाथ पकड़ लिया है।
भिलाई में निगम सचिव के पद पर कार्यरत थे देवव्रत
बता दें कि देवव्रत देवांगन नामक व्यक्ति ने एन्टी करप्शन ब्यूरो रायपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वे नगर पालिक निगम, रिसाली, भिलाई में निगम सचिव के पद पर कार्यरत थे। सेवानिवृत्त होने के बाद भी उनका पदोन्नत पद पर वेतन निर्धारण और सत्यापन लंबित है, जिस कारण से उन्हें पेन्शन और अन्य देयताएं नहीं मिल पा रही हैं। उन्होंने उप-संचालक, राज्य संपरीक्षा कार्यालय, दुर्ग पर अपनी शिकायत दर्ज कराई।
देवव्रत देवांगन ने आरोप लगाया है कि राज्य संपरीक्षा कार्यालय, दुर्ग में पदस्थ दिनेश कुमार और होमन कुमार ने उनका सत्यापन करने से इनकार कर दिया और 10,000 रुपयों की रिश्वत की मांग की। देवांगन ने दोनों अधिकारियों से कई बार मुलाकात की, लेकिन उन्होंने सत्यापन प्रक्रिया को आगे बढ़ाने से इनकार कर दिया और रिश्वत की मांग की।
6,000 रुपयों की रिश्वत लेते पकड़ाए दोनों आरोपी
देवव्रत देवांगन ने रिश्वत नहीं देने का फैसला किया और इसके बजाय दिनेश कुमार और होमन कुमार को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़वाने का निर्णय लिया। जब देवांगन ने शिकायत दर्ज कराई, तो आरोपी अधिकारी 6,000 रुपयों की रिश्वत लेने के लिए तैयार हो गए।



