9 जून शाम सवा 7 बजे, प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे नरेंद्र मोदी,

नई दिल्ली. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शुक्रवार को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) संसदीय दल के नेता नरेन्द्र मोदी को प्रधानमंत्री पद के लिए मनोनीत किया. साथ ही नई सरकार के शपथ ग्रहण की तिथि भी तय हो गई है. नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह रविवार की शाम को होगा. मोदी ने शुक्रवार शाम यहां राष्ट्रपति भवन में मुर्मू से मुलाकात की. राष्ट्रपति मुर्मू ने मोदी को मनोनयन पत्र सौंपा.
इससे पहले, भाजपा नीत NDA के नेताओं ने मुर्मू से मुलाकात की और मोदी के लिए समर्थन पत्र सौंपा. मोदी को राजग संसदीय दल का नेता चुना गया है. राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में मीडिया को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि राष्ट्रपति ने उन्हें प्रधानमंत्री पद के लिए मनोनीत किया है. मोदी ने कहा, ‘राष्ट्रपति ने मुझे मनोनीत प्रधानमंत्री के रूप में काम करने के लिए कहा है और उन्होंने मुझे शपथ समारोह के लिए आमंत्रित किया है.’ मोदी ने कहा कि उन्होंने राष्ट्रपति को बताया कि 9 जून का दिन शपथ ग्रहण के लिए उचित रहेगा.
राष्ट्रपति को सौंपी जाएगी मंत्रियों की लिस्ट
नरेंद्र मोदी ने कहा कि राष्ट्रपति भवन रविवार को शपथ ग्रहण समारोह का विवरण तैयार करेगा और तब तक वह मंत्रिपरिषद की सूची राष्ट्रपति को सौंप देंगे. मोदी ने कहा, ‘यह 18वीं लोकसभा उन सपनों को पूरा करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है, जब देश 2047 में स्वतंत्रता के 100 वर्ष मनाएगा.’ उन्होंने आगे कहा कि यह 18वीं लोकसभा नई ऊर्जा, युवा ऊर्जा का सदन है और लोगों ने राजग सरकार को एक और मौका दिया है. हाल में संपन्न लोकसभा चुनाव में भाजपा के नेतृत्व वाले राजग ने 293 सीट पर जीत दर्ज की और 543 सदस्यीय सदन में बहुमत हासिल किया.



