छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में गर्मी बनी जानलेवा, बिलासपुर में हीट स्ट्रोक से दो की मौत

बिलासपुर. छत्तीसगढ़ में हीट वेव का असर देखने को मिला है. भीषण गर्मी की वजह से बिलासपुर में 2 लोगों की मौत हो गई. भीषण गर्मी में रोड लाइंस में काम करने वाले मजदूर और गोबर थाप रही महिला बेहोश हो गए थे. शुक्रवार को इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई. शव का पोस्टमार्टम कर पुलिस मामले की जांच कर रही है.

मिली जानकारी के मुताबिक, मूलत: मध्यप्रदेश के अनुपपुर निवासी फेंकूराम उरांव कोरबा में रहता था और डीसी रोड लाइंस ठेका कंपनी में काम करता था. कंपनी का काम मंगला में चल रहा है, जहां फेकूराम भी काम कर रहा था. गुरुवार दोपहर वह काम करने के बाद अपने साथियों के साथ अपने कमरे पहुंचा, वह खाना खाने के लिए बैठा तो अचानक बेहोश होकर गिर गया. इलाज के लिए सिम्स ले जाते समय उसकी मौत हो गई. शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया है. पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही उसके मौत के कारणों का पता चल सकेगा.

 

दूसरी घटना सीपत थाना क्षेत्र के उच्चभट्‌ठी की है. शैल कुमार सूर्यवंशी घरेलू काम करती थी. उसके भाई मुकेश कुमार सूर्यवंशी ने बताया कि गुरुवार को शैलकुमारी अपने कोठार में गोबर थाप रही थी, तभी गर्मी में बेहोश होकर गिर गई. उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे सिम्स रेफर कर दिया गया. सिम्स में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

 

Related Articles

Back to top button