साय कैबिनेट से महतारी वंदन योजना पर लगी मुहर, 5500 रुपये मिलेगा तेंदूपत्ता संग्रहण दर

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में बुधवार को मंत्रालय महानदी भवन नया रायपुर में कैबिनेट की बैठक हुई। इसमें भाजपा के घोषणा पत्र पीएम मोदी की छत्तीसगढ़ के लिए दी गई एक और गारंटी पर मुहर लग गई।
प्रदेश में आज से महतारी वंदन योजना लागू हो गई है। इसके अलावा तेंदुपत्ता संग्रहण दर 5500 रुपये करने का फैसला लिया गया। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि मोदी की गारंटी को लागू करने के लिए हम प्रतिबद्ध हैं। प्रदेश में तेंदूपत्ता संग्रहण दर अब 5500 दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में तेंदूपत्ता संग्रहण सामाजिक सुरक्षा योजना शुरू की जाएगी। 75 प्रतिशत राशि शासन और 25 फीसदी राशि लघु वनोपाज संघ की ओर से वित्तीय अनुदान दिया जाएगा। समाज में महिलाओं के विरुद्ध भेदभाव को सुधार लाने के उद्देश्य से और आर्थिक स्वावलम्बन के लिए महतारी वंदन योजना को शुरू करने का निर्णय लिया गया है।
इस योजना के तहत 21 वर्ष से अधिक उम्र की विवाहित महिलाओं को 12-12 हजार रुपए सालाना दिया जाएगा। विधवा, परित्यता महिलाओं को भी योजना का लाभ मिलेगा।
छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (संविदा नियुक्ति) नियम, 2012 में पूर्ववर्ती सरकार की ओर से अगस्त 2023 में जारी अधिसूचना में किए गए संशोधन को निरस्त कर पूर्ववत किए जाने का निर्णय लिया गया। अगस्त 2023 में उक्त नियम में यह संशोधन किया गया था कि विभागीय जांच उपरांत, शास्ति प्रभावशील होने अथवा अपराधिक प्रकरण में न्यायालय द्वारा दंडित होने पर संविदा नियुक्ति के लिए अपात्र होंगे।
इस संशोधन से ऐसे सेवानिवृत्त शासकीय सेवक जिनके विरूद्ध विभागीय जांच या अभियोजन के प्रकरण विचाराधीन अथवा प्रचलित है, उन्हें भी संविदा नियुक्ति की पात्रता बन रही थी। जिसे मंत्रिपरिषद ने उचित नही मानते हुए इसे निरस्त कर संविदा नियम 2012 के प्रावधान को यथावत करने का निर्णय लिया है।



