छत्तीसगढ़

विधायक पुरन्दर मिश्रा ने राज्य स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता का किया शुभारंभ

 

रायपुर। राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज ग्राउंड में 23 वीं सब—जुनियर राज्य स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। छत्तीसगढ़ प्रदेश आरचरी एसोसिएशन, खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता का शुभारंभ रायपुर नगर उत्तर विधायक पुरन्दर मिश्रा ने किया। इस मौके पर विधायक मिश्रा ने बकायदा प्रत्यंचा चढ़ाई और निशाना साधा।

 

इस प्रतियोगिता में भाग लेने प्रदेशभर से धनुर्धर पहुंचे हुए हैं। आरचरी एसोसिएशन की ओर से कैलाश मुरारका ने विधायक मिश्रा का आत्मीय स्वागत किया और जानकारी देते हुए बताया कि यह आयोजन महान धनुर्धर ‘दशम गुरु’ श्री गुरु गोविंद सिंह जी के प्रकाश पर्व को ध्यान रखते हुए आयोजित किया गया है।

 

विधायक मिश्रा ने इस मौके पर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शामिल होने आए प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह देश और हमारा छत्तीसगढ़ प्रदेश महान धनुर्धरों का देश है। भगवान राम इसके सबसे बड़े उदाहरण हैं। भगवान राम के अलावा गुरु द्रोणाचार्य, गांडवधारी अर्जुन, एकलव्य, गुरु गोविंद सिंह जैसे कई नाम हैं, जिनकी धनुर्विद्या हर किसी के लिए प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि लक्ष्य को साधकर उसे भेदने की महान कला के लिए नियमित अभ्यास जरुरी है। छत्तीसगढ़ सरकार अपने प्रतिभागियों के लिए हर तरह की व्यवस्था करने में सक्षम है, आपको अपनी क्षमता का प्रदर्शन करना है।

Related Articles

Back to top button