गरियाबंद में 31 नग के हीरे के साथ तस्कर गिरफ्तार

गरियाबंद। जिले की मैनपुर थाने की पुलिस ने शुक्रवार को बड़ी सफलता हासिल की । पुलिस ने 31 नग गैर तराशे हीरे के साथ एक आरोपी को अरेस्ट किया है। इन डॉयमंड्स की कीमत 2 लाख रूपए से अधिक बताई जा रही है। पुलिस से हुई पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वो कोरबा- बिलासपुर का निवासी है।
क्या है पूरा मामला
दरअसल मैनपुर के पायलीखण्ड एवं भेजराडिही के जंगलों में हीरे की खदानें होने के कारण लगातार हीरे का अवैध उत्खनन होता रहता है। विशेष कर बरसात के मौसम को तस्करों के अनुकूल माना जाता है। वह इसलिए क्योंकि तस्कर यहां के लोगों से औनेपौने दामों में बिना तराशे हीरे खरीद कर उसको गुजरात और मुंबई में अच्छी कीमतों पर बेंच दिया करते हैं।
बारिश साबित होती है वरदान
हीरे के तस्करों के लिए इन क्षेत्रों में होने वाली बारिश वरदान साबित होती है। ऐसे में तस्करों को पुलिस का भय नहीं रहता। वे बारिश का फायदा उठाकर आसानी से हीरे व अन्य कीमती पत्थर लेकर आसानी से चम्पत हो जाते हैं। गरियाबंद में आए दिन कोई न कोई तस्कर पुलिस के हत्थे चढ़ता ही रहता है।



