भाजपा-कांग्रेस के लिस्ट पर आखिरी निर्णय आज, भाजपा की दिल्ली और कांग्रेस की रायपुर में बैठक

छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव 2023 के लिए कांग्रेस और बीजेपी के प्रत्याशियों के चयन को लेकर आज दोनों दलों की बैठक हो रही है। एक तरफ बीजेपी की दिल्ली में केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक होगी। वहीं दूसरी ओर रायपुर में शाम 4 बजे प्रदेश कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में होगी। कांग्रेस नेता अजय माकन बैठक लेंगे। इसमें प्रत्याशियों के चयन पर चर्चा की जाएगी। बैठक में कमेटी के सदस्य नीटा डिसूजा, सदाशय नेट्टा, हनुमंथैया, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज, प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा, उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव, विधानसभा अध्यक्ष डा. चरणदास महंत, मंत्री ताम्रध्वज साहू, डा. शिवकुमार डहरिया आदि कांग्रेस के सीनियर नेता शामिल होंगे। बैठक में शामिल होने प्रदेश कांग्रेस प्रभारी कुमारी सैलजा दोपहर डेढ़ बजे के बाद रायपुर पहुंचेंगी। बैठक में कांग्रेस अपने 90 विधानसभा सीटों के लिए प्रत्याशियों के नामों का चयन करेगी।
वहीं बीजेपी केंद्रीय चुनाव समिति की शाम को दिल्ली में बैठक होने जा रही है। बैठक में पीएम नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा, बीजेपी प्रदेश प्रभारी ओमप्रकाश माथुर, सह प्रभारी नितिन नबीन, प्रदेश चुनाव सह प्रभारी डा. मनसुख मांडविया, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, प्रांतीय संगठन मंत्री पवन साय बैठक में शामिल होंगे। इस बैठक में शामिल होने के लिए पूर्व सीएम रमन सिहं, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव, बीजेपी महामंत्री ओपी चौधरी, नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, प्रदेश महामंत्री केदार कश्यप और विजय शर्मा कल शनिवार की रात ही दिल्ली पहुंच चुके हैं।
चर्चा ये भी…
हालांकि 30 सितंबर शनिवार को भी बीजेपी केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक हुई थी और आज भी होने जा रही है। बीजेपी अपने 21 प्रत्याशियों के नामों का एलान बहुत पहले ही कर चुकी है। अब बचे 69 सीटों के प्रत्याशियों पर अंतिम मुहर लगाएगी। कभी भी बीजेपी दूसरी लिस्ट जारी कर सकती है। सियासी गलियारे में चर्चा ये भी है कि पीएम मोदी के 3 अक्टूबर के जगदलपुर प्रवास के बाद ही लिस्ट जारी हो सकती है। हालांकि बीजेपी कितने प्रत्याशियों की सूची जारी करेगी। इस पर पार्टी विचार कर रही है।
पीएम मोदी और पार्टी को आगे कर चुनाव लड़ेगी बीजेपी
केंद्रीय चुनाव समिती की बैठक में छत्तीसगढ़ के साथ ही मध्य प्रदेश, राजस्थान को लेकर भी चर्चा की जाएगी। बैठक में तीनों राज्यों में चुनावी रणनीति को लेकर गहन मंथन किया जाएगा। दिल्ली में बैठक के बाद बीजेपी का केंद्रीय नेतृत्व पूरी तरह से छत्तीसगढ़ के चुनावी समर में कूद पड़ेगा। छत्तीसगढ़ बीजेपी में इस बार मुख्यमंत्री का चेहरा सामने नहीं किया गया है। यानी बीजेपी पीएम मोदी और पार्टी को आगे कर चुनाव लड़ेगी। पीएम मोदी शनिवार को ही बिलासपुर में हुए राजनीतिक सभा में साफतौर पर सबके सामने मंच से कह चुके हैं कि हमारा एक ही नेता है कमल। हमारा एक ही उम्मीदवार है कमल। हमारा एक ही लक्ष्य है कमल।



