शुभमन गिल की शतकीय पारी बेकार, भारत को बांग्लादेश ने हराया

एशिया कप के सुपर 4 में अंतिम मैच बांग्लादेश ने जीत लिया। भारतीय टीम को बांग्लादेश ने 8 रनों के अंतर से मैच हरा दिया। पहले खेलते हुए बांग्लादेश ने 8 विकेट पर 265 रन बनाए, भारतीय टीम 259 पर आउट हो गई।
टॉस जीतकर भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। लिटन दास बिना खाता खोले आउट हो गए। उनके अलावा अनामुल हक ने 4 रन बनाए। दो विकेट और गिरकर स्कोर 4 विकेट पर 59 रन हो गया। इसके बाद शाकिब अल हसन और तोहिद हृदोय ने एक भागीदारी की।
शाकिब और तोहिद ने मिलकर पांचवें विकेट के लिए शतकीय भागीदारी की। शाकिब अल हदन अर्धशतक के बाद बेहतरीन बैटिंग करते हुए 80 के निजी स्कोर पर आउट हो गए। तोहिद हृदोय 54 रन बनाकर आउट हो गए। नसुम अहमद ने 54 रन बनाए।
निचले क्रम से मेहदी हसन ने 29 रनों की पारी खेली। तंजीम हसन ने 14 रन बनाकर बांग्लादेश को 8 विकेट पर 265 रनों के स्कोर तक पहुंचाया। भारतीय टीम के लिए शार्दुल ठाकुर ने सबसे ज्यादा 3 विकेट झटके। उनके अलावा मोहम्मद शमी के खाते में भी 2 विकेट झटके।
जवाबी पारी में खेलते हुए भारतीय टीम ने कप्तान रोहित शर्मा का विकेट का गंवाया। वह बिना खाता खोले आउट हो गए। तिलक वर्मा 5 और केएल राहुल 19 रन बनाकर आउट हो गए। टीम इंडिया ने लगातार अंतराल पर विकेट गंवाए। सूर्यकुमार यादव भी 26 रन बनाकर चलते बने।
गिल अपनी फिफ्टी पूरी होने के बाद क्रीज पर टिके रहे और रन बनाते चले गए। वह अपना शतक पूरा करने में सफल रहे लेकिन दूसरे छोर से सहयोग नहीं मिला। गिल प्रयास करते हुए 121 रनों के निजी स्कोर पर आउट होकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद अक्षर पटेल ने मोर्चा संभाला और धाकड़ बैटिंग कर टीम को जीत के करीब पहुंचा दिया लेकिन खुद 42 रन बनाकर आउट हो गए।
अंततः भारतीय टीम 259 रन बनाकर आउट हो गई और बांग्लादेश ने मुकाबला अपने नाम कर लिया। बांग्लादेश के लिए मुस्ताफिकुर रहमान ने सबसे ज्यादा 3 विकेट झटके। तंजीम हसन और मेहदी हसन ने 2-2 विकेट झटके।



