छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ के बालोद में 12 दिन में आई फ्लू के 1200 मरीज अस्थाई कैंप लगाकर हो रहा इलाज

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में आंख की बीमारी तेजी से पैर पसार रही हैं। आंख के संक्रमण से लोग परेशान है। इसकी चपेट में स्कूली बच्चे भी आने लगे है। जिले के अस्पतालों में पहुंचने वाला प्रत्येक चौथा मरीज कंजक्टिवाइटिस (Conjunctivitis) की समस्या लेकर अस्पताल पहुंच रहा है। जिले में 12 दिनों में 1,168 आई फ्लू के मरीज सामने आ चुके हैं, जिनका उपचार जारी है। लगातार बढ़ रहे मामले को लेकर स्वास्थ्य विभाग भी सजग है। स्वास्थ्य अमला अस्थाई कैंप लगाकर संक्रमित लोगों का उपचार कर रहे हैं।

डौंडी ब्लाक के एकलव्य स्कूल, दल्लीराजहरा नगर के वार्ड 11 और 12, गुरुर ब्लाक के अरमरीकला व एक अन्य गांव, गुंडरदेही ब्लाक के ग्राम बेलोदी और डौंडीलोहारा के ग्राम नाहंदा में अधिकांश सामने आए हैं। वहीं सबसे अधिक संक्रमित मरीज डौंडी ब्लाक व सबसे कम बालोद ब्लाक से सामने आए हैं। जिले में 14 जुलाई से लगातार अब तक आंख संक्रमण के मामले सामने आने लगे हैं। इसकी खबर नईदुनिया ने सबसे पहले प्रकाशित कर लोगों को जागरूक किया था।

आखों में जलन और खुजली की आ रही शिकायत

नेत्र रोग नोडल डा. अनिल कुमार सिन्हा ने नईदुनिया को बताया कि 14 फरवरी से जिले में आंखों के संक्रमण (आई फ्लू) के मामले सामने आने लगे हैं। अभी कुछ दिनों से स्कूली बच्चों को भी आंखों में संक्रमण हो रहा है। उनका भी उपचार किया जा रहा है। संक्रमण प्रभावित गांवों में अस्थाई कैंप लगाकर उपचार किया जा रहा है। 14 से 23 जुलाई तक जिले में 481 संक्रमित, 24 जुलाई को 368 और 25 को 319 संक्रमित मरीज सामने आए है। जिन्हें आखों में जलन और खुजली की शिकायत थी। सभी का उपचार किया जा रहा है। साथ ही सभी मरीजों की स्थिति सामान्य हैं।

बालोद सीएमएचओ जेएल उइके ने बताया 14 से 25 जुलाई तक कुल 1,168 आई फ्लू के मामले सामने आए हैं। जहां जानकारियां मिल रही है, शिविर लगा रहे हैं। अस्पतालों में भी दवाइयां उपलब्ध है, मौसमी बीमारी है, दवाई देने से एक-दो दिन में संक्रमण दूर हो जा रही है। वहीं सभी बीएमओ को सूचित किया गया है, जहां केस आते है, उन स्कूलों में शिविर लगाकर उनका उपचार किया जाए। जो बच्चे संक्रमित है, उन्हें थोड़ी दूर रखने की सलाह दी गई है।

Related Articles

Back to top button