एशेज 2023 में अगर स्टीव स्मिथ ने फिर रनों का अंबार लगाया, तो वह एलेन बॉर्डर और स्टीव वॉ को एक खास मामले में पीछे छोड़ …

नई दिल्ली. एशेज 2023 के साथ ही आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) 2023-25 संस्करण का आगाज होने जा रहा है। एशेज सीरीज का पहला टेस्ट मैच बर्मिंघम के एजबेस्टन मैदान पर आज से खेला जाना है। इस सीरीज का इंतजार सिर्फ इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के क्रिकेट फैन्स को नहीं बल्कि पूरी दुनिया के क्रिकेट फैन्स हो रहता है। एशेज सीरीज को क्रिकेट इतिहास की सबसे प्रतिस्पर्धी टेस्ट सीरीज माना जाता है।
ऑस्ट्रेलिया इस सीरीज में डब्ल्यूटीसी 2021-23 का खिताब जीतकर खेलने उतरेगा, तो वहीं इंग्लैंड बेन स्टोक्स और ब्रेंडन मैक्कलम के बैजबॉल को जारी रखते हुए कड़ी टक्कर देने के लिए तैयार है। मैक्कलम के हेड कोच और स्टोक्स के कप्तान बनने के बाद से ही इंग्लैंड की टेस्ट टीम का खेलना का अंदाज ही अलग हो चुका है। इंग्लैंड को बैजबॉल का काफी फायदा भी मिला है, लेकिन यह देखना मजेदार होगा कि क्या ऑस्ट्रेलिया के दमदार बॉलिंग अटैक के सामने इंग्लैंड का बैजबॉल अप्रोच कमाल करेगा या नहीं? डब्ल्यूटीसी 2021-23 के फाइनल मैच में शतक लगाकर स्टीव स्मिथ इस सीरीज में खेलने उतरेंगे, उनके निशाने पर कुछ बड़े रिकॉर्ड्स होंगे। एशेज के इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड सर डॉन ब्रैडमैन के नाम दर्ज है, जबकि दूसरे नंबर पर जैक होब्स हैं। स्मिथ के पास मौका होगा कि वह इस साल इस मामले में नंबर पांच से नंबर 2 पोजिशन पर पहुंच जाएं।
ब्रैडमैन ने एशेज सीरीज में कुल 5028 रन बनाए हैं। हालांकि स्मिथ अभी ब्रैडमैन से काफी पीछे हैं, लेकिन वह जैक हॉब्स, एलेन बॉर्डर और स्टीव वॉ जैसे दिग्गज बल्लेबाजों को इस लिस्ट में जरूर पीछे छोड़ सकते हैं। जैक हॉब्स के खाते में 3636 रन हैं, स्मिथ अगर इस सीरीज में 593 रन बना लेते हैं, तो वह हॉब्स से आगे निकल जाएंगे। मौजूदा समय में इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर 3222 रनों के साथ एलेन बॉर्डर हैं, तो स्मिथ अगर 179 रन बना लेते हैं, इस सीरीज में तो बॉर्डर से आगे निकला जाएंगे, वहीं 130 रन बनाते ही वह स्टीव वॉ को पीछे छोड़ देंगे, जिन्होंने एशेज में 3173 रन बनाए हैं।
स्मिथ के खाते में 3044 रन हैं। एक और मजेदार बात यह है कि एशेज के इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की टॉप-10 लिस्ट में स्मिथ इकलौते ऐसे बल्लेबाज हैं, जो अभी भी क्रिकेट खेल रहे हैं, जबकि बाकी 9 बल्लेबाज रिटायर हो चुके हैं। स्मिथ फिलहाल पांचवें नंबर पर हैं, लेकिन वह जिस तरह की फॉर्म में हैं, ऐसा लगता है कि एशेज सीरीज खत्म होने के बाद वह इस लिस्ट में कम से कम दूसरे नंबर पर तो पहुंच ही जाएंगे।



