
नई दिल्ली. आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) 2021-23 का फाइनल मुकाबला 7 जून से लंदन के द ओवल मैदान पर भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेला जाना है। इस मैच से दो दिन पहले टीम इंडिया के पूर्व स्पिनर हरभजन सिंह ने टीम इंडिया का प्लेइंग XI चुना है। हरभजन सिंह के प्लेइंग XI में आर अश्विन की जगह फिक्स नजर नहीं आ रही है, उनका मानना है कि अश्विन या शार्दुल ठाकुर में से कोई एक प्लेइंग XI का हिस्सा होगा। हालांकि इसके अलावा अश्विन ने बाकी 10 खिलाड़ियों को प्लेइंग XI में तय बताया है। पेस अटैक के लिए भज्जी ने मोहम्मद सिराज और मोहम्मद शमी के साथ उमेश यादव को रखा है। वहीं स्पेशलिस्ट स्पिनर के तौर पर भज्जी ने जडेजा पर दांव लगाया, जबकि अश्विन के साथ शार्दुल का विकल्प दिया है।
पारी के आगाज के लिए हरभजन सिंह ने कप्तान रोहित शर्मा के साथ शुभमन गिल का चयन किया है, वहीं तीसरे नंबर पर चेतेश्वर पुजारा ही हैं। चौथे नंबर पर स्टार बल्लेबाज विराट कोहली फिक्स हैं, वहीं इसके बाद भज्जी ने अजिंक्य रहाणे को चुना है। रहाणे पिछले कुछ समय से टेस्ट टीम से बाहर चल रहे थे। इस अहम मैच के लिए उनकी टेस्ट स्क्वॉड में वापसी हुई है। रहाणे ने हाल में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में चेन्नई सुपरकिंग्स (सीएसके) के लिए दमदार प्रदर्शन किया था। रहाणे के बाद भज्जी के प्लेइंग XI में रविंद्र जडेजा का नंबर आता है, जबकि इसके बाद विकेटकीपर बल्लेबाज के तौर पर भज्जी ने केएस भरत को ईशान किशन पर तरजीह दी है।
बॉलिंग अटैक में भज्जी ने अश्विन/शार्दुल, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज और उमेश यादव को रखा है। इसका मतलब भज्जी ने इस प्लेइंग XI में अक्षर पटेल और जयदेव उनाद्कट को बाहर रखा है। WTC फाइनल के लिए भज्जी ने चुना भारत का ऐसा प्लेइंग XI-
शुभमन गिल, रोहित शर्मा (कप्तान), चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली, अजिंक्य रहाणे, रविंद्र जडेजा, केएस भरत, शार्दुल ठाकुर/आर अश्विन, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज, उमेश यादव।



