कर्नाटक चुनाव में कांग्रेस के प्रदर्शन से छत्तीसगढ़ में जश्न सीएम भूपेश बघेल बोले…

रायपुर। कर्नाटक चुनाव में शुरुआती रुझानों में कांग्रेस को भारी बहुमत मिलने पर पार्टी में खुशी की लहर है। कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के प्रदर्शन से छत्तीसगढ़ में भी पार्टी के समर्थकों और कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल है। कर्नाटक के नतीजों को लेकर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का बड़ा बयान आया है।
सीएम बघेल बोले- नरेंद्र मोदी का जादू खत्म
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, इस चुनाव में नरेंद्र मोदी का फैक्टर नहीं चला। अब नरेंद्र मोदी का जादू खत्म हो गया है। भाजपा ने इस चुनाव में धार्मिक ध्रुवीकरण करने की कोशिश की। नतीजों से यह साफ हो गया कि बजरंगबली अब कांग्रेस के साथ है। जो कांग्रेस मुक्त की बात करते थे वो अब कर्नाटक से मुक्त हो गए हैं। सीएम बघेल ने कहा, हिमाचल प्रदेश के बाद अब कर्नाटक में मिली जीत से कांग्रेस के कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ा है।
कांग्रेस बोली- कर्नाटक की जनता का संदेश कांग्रेस संभालेगी सारा देश
कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने कहा, कर्नाटक की जनता का संदेश कांग्रेस संभालेगी सारा देश। कर्नाटक में कांग्रेस को प्रचंड बहुमत मिल रहा है। कर्नाटक में बजरंग बली ने अपने नाम का दुरुपयोग करने वाली कालनेमियों की पोल खोल कर रख दिया।
उन्होंने कहा, बजरंग बली के नाम का दुरुपयोग करने वाली भारतीय जनता पार्टी धूल चाटने को मजबूर हो गई है। कर्नाटक से एक बार फिर से लोकतंत्र की जड़ें पुष्पित और पल्लवित हुई है। कर्नाटक की जनता ने भाजपा के भ्रष्टाचार और कुशासन के खिलाफ जनता ने जनादेश दिया है।
कांग्रेस पार्टी को देश की जनता एक बार फिर से सिर आंखों पर बैठाने जा रही है। कर्नाटक से शुरुआत हुई है, छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश और राजस्थान में इसकी पुनरावृत्ति होने जा रही है। पूरे देश में एक बार फिर से कांग्रेस की सरकार बनेगी।



