गैर-बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों को लिखी अपनी चिट्ठी में स्टालिन ने दावा

नई दिल्ली . पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष ममता बनर्जी ने बुधवार को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन को फोन किया और गैर-बीजेपी सासित राज्यों में राज्यपालों के ‘अलोकतांत्रिक कामकाज’ के खिलाफ उनकी पहल के लिए एकजुटता व्यक्त की। दोनों नेताओं ने केंद्र की बीजेपी सरकार के खिलाफ लड़ाई तेज करने पर मंत्रणा की है।
इस फोन मीटिंग के बाद तमिलनाडु के सीएम स्टालिन ने एक ट्वीट में जानकारी दी कि ममता बनर्जी ने सुझाव दिया है कि सभी विपक्षी शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों को बैठक कर आगे की रणनीति तय करनी चाहिए।
उन्होंने ट्वीट किया,”माननीय पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री @MamataOfficial ने गैर-बीजेपी शासित राज्यों में राज्यपालों के अलोकतांत्रिक कामकाज के खिलाफ हमारी पहल के प्रति एकजुटता और प्रशंसा व्यक्त करने के लिए मुझसे फोन पर बात की और सुझाव दिया कि सभी विपक्षी मुख्यमंत्रियों को बैठक कर आगे की कार्रवाई तय करनी चाहिए।”
बता दें कि तमिलनाडु विधानसभा ने हाल ही में राज्यपाल द्वारा राज्य के विधेयकों को अपनी मंजूरी देने के लिए एक समय सीमा तय करने के लिए एक प्रस्ताव पारित किया था। इसके साथ ही सीएम स्टालिन ने गैर-बीजेपी राज्यों के मुख्यमंत्रियों को खत लिखकर अपने-अपने राज्यों में भी ऐसा ही करने की अपील की थी।
गैर-बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों को लिखी अपनी चिट्ठी में स्टालिन ने दावा किया है कि भारतीय लोकतंत्र आज “चौराहे पर खड़ा है” और हम तेजी से सहकारी संघवाद को विलुप्त होते देख रहे हैं।
ममता बनर्जी से पहले दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने भी स्टालिन से इस मुद्दे पर चर्चा की थी। केजरीवाल ने कहा कि उनकी सरकार अगले विधानसभा सत्र में ऐसा ही प्रस्ताव पास करेगी। उधर, विजयन ने कहा कि उनकी सरकार स्टालिन के प्रस्ताव पर “अत्यंत गंभीरता” से विचार कर रही है।
बता दें कि तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और गवर्नर के बीच लंबे समय से तनातनी चल रही है। इसी साल के शुरुआत में जनवरी में दोनों के बीच तनाव इतना गहरा गया था कि तमिलनाडु गवर्नर आरएन रवि ने अपने ही अभिभाषण के दौरान तमिलनाडु विधानसभा का बहिष्कार कर दिया था और सदन से वॉकआउट कर दिया था। सदन से बाहर निकलते राज्यपाल की तब डीएमके विधायकों ने हूटिंग भी की थी।



