छत्तीसगढ़:49 लोग मत्युभोज में खाना खाकर हुए बीमार, दो की स्थिति गंभीर, गांव में लगाया स्वास्थ्य विभाग ने कैंप

छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के ग्राम बोहारडीह में 49 लोग फूड प्वाइजनिंग के शिकार हो गए, जिसमें दो की स्थिति गंभीर है। सभी एक मृत्युभोज के कार्यक्रम में शामिल हुए थे। एक साथ कई लोगों के उल्टी-दस्त की शिकायत से गांव में हड़कंप मच गया है। सूचना पर स्वास्थ्य अमले ने गांव पहुंचकर पंचायत भवन में कैंप लगाया है, जहां पीड़ितों का इलाज किया जा रहा है। मृत्यु भोज में 200 से ज्यादा लोगों के शामिल होने की बातें सामने आई है।
मिली जानकारी के मुताबिक गुरुर ब्लाक के ग्राम बोहारडीह गांव में एक परिवार के यहां मृत्यु भोज का कार्यक्रम था, जहां बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए थे। ग्रामीणों के मुताबिक भोजन के कुछ देर बाद कई लोगों को उल्टी और दस्त की शिकायत होने लगी। दर्जनभर से ज्यादा लोग गुरुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार भी करा रहे थे। इस बीच मंगलवार को गांव में और ज्यादा लोगों की तबीयत खराब हो गई।
उल्टी-दस्त और बुखार की शिकायत
फूड प्वाइजनिंग से बीमार लोगों में उल्टी, दस्त के साथ ही बुखार आने की शिकायत मिलने लगी। ग्रामीणों ने बताया कि मृत्युभोज में शामिल होकर भोजन किया था। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अब तक 49 लोगों की तबीयत बिगड़ी है। सभी को उल्टी, दस्त और बुख़ार आने की शिकायत है। दो गंभीर मरीज को अस्पताल दाखिल कर दवाइयां दी गई है। अभी स्थिति कंट्रोल में है।



