नवां पंजाब, भाजपा दे नाल: बीजेपी आई चुनावी मोड पर, उम्मीदवार 117 विधानसभा सीटों पर उतारने का एलान किया

केंद्रीय जलशक्ति मंत्री और पंजाब में भाजपा के चुनाव प्रभारी गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा पूरी तरह तैयार है। नवा पंजाब- भाजपा दे नाल के नारे के साथ पार्टी के कार्यकर्ता जनता तक पहुंचेंगे। भाजपा नशा, माफिया और भ्रष्टाचार से मुक्त खुशहाल पंजाब बनाने के संकल्प के साथ चुनाव में उतरेगी। पंजाब के हर वर्ग को उसकी आबादी के अनुपात में राजनीतिक हिस्सेदारी दी जाएगी।
वीरवार को चंडीगढ़ में भाजपा मुख्यालय में पंजाब चुनाव प्रभारी और केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने बताया कि पंजाब की जनता कांग्रेस, अकाली दल और आम आदमी पार्टी से निराश है। लोग उम्मीद से भाजपा की ओर देख रही है। मोदी के नेतृत्व में चल रही केंद्र सरकार ने पिछले सात सालों में पंजाब और पंजाबियों के लिए ऐतिहासिक काम किए हैं।
केंद्र सरकार द्वारा पंजाब के लिए किए कार्यों को गिनाते हुए उन्होंने कहा कि 1984 के दंगाइयों को एसआईटी बनाकर सजा दिलवाना, श्री करतारपुर साहिब कॉरिडोर बनाना, काली सूची को खत्म करना, लंगर को जीएसटी से बाहर करना, श्री हरमंदिर साहिब को एफसीआरए देना, बठिंडा में एम्स, अमृतसर में आईआईएम, संगरूर और फिरोजपुर में पीजीआई के सैटलाइट सेंटर, दो नए एयरपोर्ट, टूरिज्म के नए सर्किट, इन्फ्रास्ट्रक्चर के बड़े प्रोजेक्ट जैसे कई काम हैं, जिस कारण पंजाब की जनता के मन में भाजपा के प्रति विश्वास बढ़ा है।
शेखावत ने आत्मविश्वास के साथ कहा कि भाजपा पंजाब में सभी 117 सीटों पर चुनाव के लिए तैयार है। पार्टी ने सभी सीटों पर अपने प्रमुख नेताओं को इंचार्ज लगाया है। पिछले 6 महीनों में 5 हजार से ज्यादा सामाजिक और राजनीतिक कार्यकर्ता पार्टी में शामिल हुए हैं, जो दर्शाता है की पार्टी की लोकप्रियता तेजी से बढ़ रही है।
समान विचार धारा के साथ कैप्टन का स्वागत
कैप्टन पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भाजपा हमेशा ही समान विचार धारा के लोगों का स्वागत करती है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार और भाजपा कृषि कानूनों के मुद्दे के प्रति पूरी तरह से संवेदनशील हैं। गंभीरता से इस मुद्दे के हल के लिए प्रयास कर रही है। सरकार द्वारा किसान संगठनों के साथ 11 दौर की बातचीत हो चुकी है। किसान संगठनों द्वारा उठाए गए मुद्दों के आधार पर सरकार कानूनों में संशोधन करने के लिए भी तैयार है।



