सीरिया में ISIS ने खेला खूनी खेल, हमले में 53 लोगों की मौत

सीरिया में घात लगाकर किए गए हमले में कम से कम 53 लोगों की मौत हो गई। हमले के लिए आतंकी संगठन आईएसआईएस को जिम्मेदार ठहराया गया है। बताया जा रहा है कि पिछले एक साल में आतंकियों द्वारा किया गया यह सबसे बड़ा हमला है.
जानकारी के मुताबिक, आतंकियों ने हमले को अल-सोखना शहर के दक्षिण-पश्चिम में अंजाम दिया है. पलमायरा अस्पताल के निदेशक वालिद ऑडी ने कहा कि मारे गए लोगों में 46 नागरिक और सात सैनिक शामिल हैं।
ऑडी ने कहा कि दर्जनों लोगों को निशाना बनाकर किए गए हमले के बाद 53 शवों को अस्पताल लाया गया है। हाल के वर्षों में सीरिया के मध्य, पूर्वोत्तर और पूर्वी क्षेत्रों में महिलाओं और बच्चों सहित कई लोगों को निशाना बनाया गया है।
पिछले हफ्ते भी हमले में 16 लोगों की मौत हुई थी
जानकारी के मुताबिक, पिछले शनिवार को इसी तरह के हमले में 16 लोगों की मौत हो गई थी, जिनमें ज्यादातर नागरिक थे। हमले में दर्जनों लोगों का अपहरण भी किया गया था, जिनमें से कई को बाद में रिहा कर दिया गया था, लेकिन कई अन्य अब भी लापता हैं।
2021 में 19 लोगों का अपहरण किया
बता दें कि अप्रैल 2021 में भी चरमपंथी समूह ने हमा प्रांत के पूर्वी ग्रामीण इलाकों में 19 लोगों का अपहरण किया था. संयुक्त राष्ट्र ने कहा है कि जिहादी समूह आईएसआईएस ने हमले जारी रखने की अपनी क्षमता बरकरार रखी है। संयुक्त राष्ट्र का अनुमान है कि आईएसआईएस के इराक और सीरिया में 6,000 से 10,000 के बीच लड़ाके हैं।



