विदेश से आई अच्छी खबर और टाटा मोटर्स के शेयरों ने लगाई दौड़

नई दिल्ली. कमजोर बाजार में भी टाटा मोटर्स और टाटा मोटर्स डीवीआर के शेयरों में मंगलवार को अच्छी तेजी आई है। टाटा मोटर्स की सहायक कंपनी जगुआर लैंड रोवर (JLR) के मजबूत सेल्स नंबर्स के कारण टाटा मोटर्स (Tata Motors) और टाटा मोटर्स डीवीआर (Tata Motors DVR) के शेयरों में 6 पर्सेंट से ज्यादा की तेजी आई है। टाटा मोटर्स के शेयर 6.36 पर्सेंट की तेजी के साथ 414.15 रुपये पर कारोबार कर रहे हैं। वहीं, टाटा मोटर्स डीवीआर के शेयर करीब 5 पर्सेंट की तेजी के साथ 218.65 रुपये के स्तर पर हैं।

दिसंबर तिमाही में 79591 यूनिट रहा JLR का सेल्स वॉल्यूम
टाटा मोटर्स के पूर्ण मालिकाना हक वाली कंपनी जगुआर लैंड रोवर (JLR) ने बताया है कि अक्टूबर-दिसंबर 2022 तिमाही में उसका होलसेल सेल्स वॉल्यूम सालाना आधार पर 15 पर्सेंट बढ़कर 79591 यूनिट्स रहा है। इस आंकड़े से संकेत मिलता है कि चिप सप्लाई में सुधार हुआ है। कंपनी के इस सेल्स वॉल्यूम में चेरी जगुआर लैंड रोवर चाइना ज्वाइंट वेंचर के आंकड़े शामिल नहीं हैं। कंपनी ने बताया है कि पिछली तिमाही के मुकाबले नॉर्थ अमेरिका में होलसेल सेल्स वॉल्यूम्स 17 पर्सेंट बढ़ा है। वहीं, ब्रिटेन में 13 पर्सेंट और ओवरसीज मार्केट में यह 10 पर्सेंट बढ़ा है।

टाटा मोटर्स के शेयरों में 1 साल में 18% की गिरावट
टाटा मोटर्स (Tata Motors) के शेयरों में एक साल में करीब 18 पर्सेंट की गिरावट आई है। कंपनी के शेयर 10 जनवरी 2022 को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) में 503.70 रुपये के स्तर पर थे। टाटा मोटर्स के शेयर 10 जनवरी 2023 को बीएसई में 414.15 रुपये पर कारोबार कर रहे हैं। पिछले 6 महीने में टाटा मोटर्स के शेयरों में करीब 6 पर्सेंट की गिरावट आई है। टाटा मोटर्स के शेयरों का 52 हफ्ते का हाई लेवल 528.50 रुपये है। वहीं, कंपनी के शेयरों का 52 हफ्ते का लो लेवल 366.20 रुपये है।

Related Articles

Back to top button